Highlights:
वनडे ट्राई-सीरीज में आज पाकिस्तान का सामना इंग्लैड से होगा
दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा
यह वनड मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा
Pakistan vs England ODI Tri-Series: पाकिस्तान वनडे ट्राई-सीरीज का चौथा मुकाबला आज यानी 25 अक्टूबर को पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। लाहौर के गद्दाफी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में दोनों टीमें भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे आमने-सामने होंगी।
मेजबान पाकिस्तान की टीम इस मैच को जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। वहीं, दूसरी ओर लगातार दो हार झेल चुकी इंग्लैंड की टीम टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज कर अपनी फाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखना चाहेगी।
दरअसल, ट्राई-सीरीज के पॉइंट्स टेबल में इस समय पाकिस्तान सबसे मजबूत स्थिति में है। टीम ने अब तक खेले अपने दोनों मैचों में शानदार जीत दर्ज की है और 4 अंकों के साथ टॉप पर बनी हुई है। पाकिस्तान का नेट रन रेट भी +1.240 का है। पाकिस्तान को फाइनल का टिकट कटाने के लिए बचे हुए दो मैचों में से सिर्फ एक जीत की दरकार है।
दूसरी ओर, इंग्लैंड की स्थिति बेहद नाजुक है। हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लिश टीम श्रीलंका से 2 विकेट से और पाकिस्तान से 87 रनों से मात खा चुकी है। इंग्लैंड के खाते में फिलहाल शून्य अंक हैं। फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए इंग्लैंड को आज पाकिस्तान और फिर 29 अक्टूबर को श्रीलंका के खिलाफ अपने दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे।
भले ही मौजूदा सीरीज में पाकिस्तान शानदार फॉर्म में हो, लेकिन इतिहास इंग्लैंड के पक्ष में गवाही देता है। वनडे क्रिकेट में दोनों टीमों का रिकॉर्ड इस प्रकार है:
कुल मुकाबले: 93
इंग्लैंड की जीत: 57
पाकिस्तान की जीत: 33
बेनतीजा मैच: 03
पिछले 5 मैचों का हाल: अगर हम दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले पांच वनडे मैचों की बात करें, तो यहाँ भी इंग्लैंड ने अपना दबदबा दिखाते हुए 4 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान को केवल 1 मैच में सफलता मिली है।
कहां देखें मैच का लाइव?
इस मैच को फैंस Veto App और Tapmad ऐप या वेबसाइट पर मुफ्त लाइव मैच देख सकते है।
आपको बता दें कि गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर में आज मैच के दौरान मौसम के सुहावना रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज बारिश की संभावना बेहद कम है और आसमान पूरी तरह साफ रहेगा, जिससे दर्शकों को पूरे 100 ओवर का खेल देखने को मिल सकता है। उत्तर दिशा से लगभग 5 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं चलेंगी और शाम के समय तापमान गिरकर 16°C तक जा सकता है।
हालांकि, बीते 24 अक्टूबर शनिवार को लाहौर में दोपहर के समय तेज गरज के साथ बारिश हुई थी, लेकिन आज, 25 अक्टूबर को मौसम पूरी तरह से साफ और क्रिकेट के अनुकूल हो चुका है।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम आज यानी रविवार को इंग्लैंड टीम के खिलाफ होने वाले ट्राई-सीरीज के मुकाबले में अपनी पारंपरिक हरी जर्सी की बजाय गुलाबी रंग की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरेगी। जर्सी बदलने की वजह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस मुकाबले को ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता अभियान को समर्पित किया है।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम: फखर जमान, सैम अयूब, बाबर आजम, साद बेग (विकेटकीपर), सलमान आगा, हसन नवाज, अराफात मिन्हास, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी (कप्तान), नसीम शाह और हारिस रऊफ।
इंग्लैंड क्रिकेट टीम: बेन डकेट, टॉम बैंटन, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जॉर्डन कॉक्स (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, गस एटकिंसन और जोश टंग।