MS Dhoni Comeback in IPL 2026: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स ने अब तक पांच मुकाबले खेले हैं, लेकिन टीम एक भी मैच में एमएस धोनी के साथ मैदान पर नहीं उतरी है। दरअसल, टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही धोनी चोटिल हो गए थे, जिसके कारण उन्हें शुरुआती मुकाबलों से बाहर रहना पड़ा। ऐसे में फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि वह कब तक पूरी तरह फिट हो पाएंगे। इसके साथ ही 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उनके खेलने को लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है।
चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनके होम ग्राउंड राजीव गांधी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच से पहले सीएसके फैंस के लिए राहत भरी खबर सामने आई है कि एमएस धोनी टीम के साथ हैदराबाद के लिए रवाना हो गए हैं। इसका संकेत यह है कि वह कम से कम टीम के साथ मौजूद रहेंगे और डगआउट में नजर आ सकते हैं। हालांकि इस सीजन में अभी तक वह मैदान पर टीम के साथ खेलते हुए दिखाई नहीं दिए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक एमएस धोनी ने नेट्स में बल्लेबाजी अभ्यास शुरू कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में उनके खेलने की संभावना कम नजर आ रही है। ऐसा माना जा रहा है कि वह इस मुकाबले में भी हिस्सा नहीं लेंगे। संभावना यह भी जताई जा रही है कि वह 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में अपना पहला मैच खेल सकते हैं। फिलहाल उनकी फिटनेस पर लगातार नजर रखी जा रही है और टीम मैनेजमेंट कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता।
ये भी पढ़ें: वानखेड़े में अर्शदीप सिंह का जलवा, MI के खिलाफ झटके 2 विकेट और रच दिया इतिहास; बने पंजाब के नंबर-1 गेंदबाज
अगर इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के प्रदर्शन पर नजर डालें तो टीम की शुरुआत निराशाजनक रही थी। शुरुआती तीन मुकाबलों में लगातार हार के बाद टीम पर दबाव बढ़ गया था। हालांकि इसके बाद सीएसके ने शानदार वापसी करते हुए अगले दो मैचों में लगातार जीत दर्ज की है। फिलहाल टीम पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर है। अब सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में चेन्नई की नजर जीत की हैट्रिक लगाने पर होगी, जिससे टीम अपनी स्थिति को और मजबूत करना चाहेगी।