मोहम्मद शमी फिलहाल 2027 वनडे विश्व कप या 2028 टी-20 विश्व कप के बारे में नहीं सोच रहे हैं।
उनका पूरा ध्यान अभी बिना किसी दबाव के अपने खेल का आनंद लेने पर है।
शमी का मुख्य लक्ष्य अपनी गेंदबाजी की लय को बरकरार रखना है।
वह अभी घरेलू क्रिकेट और IPL में लगातार मैदान पर उतरने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
Mohammed Shami Team India Comeback: भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अपने भविष्य, टीम इंडिया में वापसी और आगामी विश्व कप टूर्नामेंट में खेलने को लेकर खुलकर बात की है।
टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके शमी का कहना है कि वह फिलहाल 2027 वनडे विश्व कप या 2028 टी-20 विश्व कप के बारे में नहीं सोच रहे हैं। शमी के मुताबिक, उनका पूरा ध्यान अभी सिर्फ अपने खेल का आनंद लेने, अपनी लय बनाए रखने और घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ IPL में लगातार मैदान पर उतरने पर है।
दरअसल, क्रिकइंफो से बातचीत के दौरान मोहम्मद शमी ने बेहद भावुक अंदाज में कहा कि उन्होंने अब इन मौकों की गिनती करना छोड़ दिया है। भविष्य में राष्ट्रीय टीम में चयन को लेकर शमी ने कहा कि मैंने अब इन सभी चीजों की गिनती करना छोड़ दिया है। फिलहाल मेरा पूरा ध्यान अपने खेल पर है। चयनकर्ता जो भी फैसला लेंगे, वह बेहतर ही होगा।
मेरी तरफ से कोशिश बस इतनी है कि मैं खेलना जारी रखूं, अपनी लय बनाए रखूं और कम से कम अपनी राज्य की टीम और IPL के लिए क्रिकेट खेलता रहूं। गौरतलब है कि शमी इस समय बंगाल क्रिकेट टीम की ओर से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हिस्सा ले रहे हैं।
लगातार घरेलू क्रिकेट खेलने की वजह पूछे जाने पर इस दिग्गज गेंदबाज ने बेहद सरल जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जब तक आपको खेल से प्यार है और आप मैदान पर इसका आनंद ले रहे हैं, तब तक आपको खेलते रहना चाहिए।
मेरी प्रेरणा भी यही है कि मैं आज भी क्रिकेट का पूरा लुत्फ उठा रहा हूं। इसके साथ ही शमी ने उम्मीद जताई कि बंगाल की टीम के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करते हुए युवा खिलाड़ियों को उनसे कुछ नया सीखने और हासिल करने का मौका मिलेगा।
शमी का मानना है कि किसी भी स्तर पर खेलते हुए सीनियर खिलाड़ियों को अपना अनुभव जरूर बांटना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी खेल में अनुभव बहुत मायने रखता है। मेरा मानना है कि आप चाहे जिस स्तर पर खेल रहे हों, आपको युवा खिलाड़ियों को कुछ न कुछ सिखाना चाहिए।
इस घरेलू टूर्नामेंट में मेरे खेलने का और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का आपस में कोई संबंध नहीं है। मैं पहले ही साफ कर चुका हूं कि मैं सफेद गेंद से क्रिकेट खेलना जारी रखूंगा।
अपनी फिटनेस को लेकर शमी ने स्पष्ट किया कि यदि जरूरत महसूस हुई, तो वह फिटनेस बनाए रखने के लिए लाल गेंद से भी क्रिकेट खेल सकते हैं। शमी के अनुसार, यह उनके लिए कोई नई बात नहीं है क्योंकि पिछले 15-20 वर्षों से वह इसी दिनचर्या का पालन करते आ रहे हैं।
बता दें कि मोहम्मद शमी ने बीती 6 नवंबर को टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उन्होंने भारत के लिए 64 टेस्ट मैचों की 122 पारियों में कुल 229 विकेट हासिल किए हैं। वहीं, आगामी IPL सीजन में वह राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में खेलते हुए नजर आएंगे।