Sanju Samson can be Next T20 Captain: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन इन दिनों काफी चर्चा में हैं। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन बल्लेबाजी की और खास तौर पर नॉकआउट मुकाबलों में टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई। फाइनल समेत लगातार तीन नॉकआउट मैचों में अर्धशतक लगाकर सैमसन ने भारत को चैंपियन बनाने में बड़ा योगदान दिया। उनके इसी दमदार प्रदर्शन के बाद अब उन्हें भारतीय टी20 टीम का भविष्य का कप्तान बनाने की चर्चा भी तेज हो गई है। इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने भी इस मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है।
मौजूदा समय में भारतीय टी20 टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव के हाथों में है, लेकिन पिछले कुछ समय से उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी उनका बल्ला खास कमाल नहीं दिखा पाया। इसके अलावा सूर्या की उम्र भी एक बड़ा फैक्टर बन सकती है। वह इस समय 35 साल के हैं और 2028 में होने वाले अगले टी20 वर्ल्ड कप तक उनकी उम्र करीब 37 साल हो जाएगी। ऐसे में माना जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड भविष्य को ध्यान में रखते हुए नए कप्तान के विकल्पों पर विचार कर सकता है। इससे पहले भी भारतीय टीम में इस तरह का फैसला लिया जा चुका है। जब रोहित शर्मा ने भारत को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जिताया था, लेकिन इसके बावजूद उनसे वनडे टीम की कप्तानी लेकर शुभमन गिल को यह जिम्मेदारी सौंप दी गई थी।
संजू सैमसन की शानदार फॉर्म और अनुभव को देखते हुए कई क्रिकेट विशेषज्ञ उन्हें कप्तानी का मजबूत दावेदार मान रहे हैं। इसी कड़ी में पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने भी कहा है कि सैमसन के पास भविष्य में भारतीय टी20 टीम की कप्तानी करने की क्षमता है। मोहम्मद कैफ ने स्पोर्ट्स पत्रकार रवीश बिष्ट से कहा है कि "अभी तो बोलना मुश्किल है लेकिन संजू सैमसन भी कप्तान बन सकते हैं। एक अच्छा कप्तान वही होता है जिसने दुनिया देखी हुई है। जो सही प्लेइंग इलेवन चुन सके और खराब फॉर्म से गुजर रहे खिलाड़ियों का भी साथ दे सके।"
कैफ का मानना है कि सैमसन खुद भी अपने करियर में खराब दौर से गुजर चुके हैं, इसलिए वह खिलाड़ियों की मानसिक स्थिति को बेहतर तरीके से समझ सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर सूर्यकुमार यादव अच्छा प्रदर्शन करते रहते हैं तो वे कप्तानी जारी रख सकते हैं। लेकिन अगर भविष्य में बदलाव होता है तो सैमसन इस भूमिका के लिए मजबूत विकल्प हो सकते हैं।
संजू सैमसन के पास कप्तानी का अच्छा खासा अनुभव भी मौजूद है। उन्होंने आईपीएल में 2021 से 2025 तक राजस्थान टीम की कप्तानी की थी। उनकी अगुवाई में राजस्थान की टीम साल 2022 में आईपीएल के फाइनल तक भी पहुंची थी, हालांकि वहां उसे गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। अब सैमसन राजस्थान रॉयल्स टीम का हिस्सा नहीं हैं। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी टीम में शामिल कर लिया है और आईपीएल 2026 में वह सीएसके की जर्सी में खेलते हुए नजर आएंगे।
ये भी पढ़ें: चार्टर्ड फ्लाइट कैंसिल तो ICC का Plan B आया सामने, भारत में फंसे विदेशी सितारों के लिए की ये वैकल्पिक व्यवस्था
अगर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने इस टूर्नामेंट में कुल पांच मैच खेले। इन मुकाबलों में उन्होंने 80.25 की शानदार औसत और 199.38 के स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और लगातार शानदार पारियों की बदौलत भारत को नॉकआउट मुकाबलों में बड़ी जीत मिली। इसी प्रदर्शन के लिए संजू सैमसन को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी यानी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।