Scotland beat Italy by 73 Runs: आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 7वें मुकाबले में स्कॉटलैंड और इटली की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर इटली की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। स्कॉटलैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 207 रन बनाकर एक मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में इटली की टीम सिर्फ 134 रन ही बना सकी और 73 रनों से हार गई। इस हार के साथ इटली टूर्नामेंट की शुरुआत में पीछे रह गई है।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम ने जोरदार शुरुआत की। जॉर्ज मुंसे ने 54 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जबकि माइकल जोन्स ने 37 रन जोड़कर टीम को मजबूती दी। बैंडन मैकमुलेन ने सिर्फ 18 गेंदों में 4 छक्के लगाकर नाबाद 41 रन बनाए। अंत में माइकल लीस्क ने 5 गेंदों में नाबाद 22 रन की तेजी भरी पारी खेली। कप्तान रिची बेरिंगटन ने भी 15 रन जोड़े। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत स्कॉटलैंड ने 4 विकेट खोकर 207 रन बनाए। इटली के लिए अली हसन, ग्रांट स्टीवर्ट, थॉमस ड्रेका और जेजे स्मट्स ने 1-1 विकेट लिए, लेकिन रन रोकने में टीम सफल नहीं हो पाई।
208 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की शुरुआत खराब रही। एंथोनी मोस्का ने 13 रन बनाए, जबकि सलामी बल्लेबाज जस्टिन मोस्का खाता भी नहीं खोल सके। जेजे स्मट्स ने 11 गेंदों में 22 रन बनाए। हैरी मैनेंटी ने 27 रन की पारी खेली, लेकिन बेन मैनेंटी ने टीम की हिम्मत बढ़ाते हुए 52 रन बनाए।
हालांकि इसके बावजूद इटली 16.4 ओवर में सिर्फ 134 रन पर ऑलआउट हो गई और 73 रनों से हार गई। स्कॉटलैंड के लिए माइकल लीस्क ने 4 विकेट अपने नाम किए। मार्क वाट ने भी 2 विकेट लिए। ब्रैड क्यूरी, ब्रैड व्हील और ओलिवर डेविडसन ने 1-1 सफलता हासिल की।
ये भी पढ़ें: ICC ने दिया हाथ…तो गला पकड़ने लगा Pak, बॉयकॉट खत्म करने के लिए रखी तीन बड़ी डिमांड, भारत कर देगा रिजेक्ट!
इस मुकाबले में स्कॉटलैंड ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी का संतुलन दिखाया। इटली की टीम को शुरुआती मैच में बड़ी हार का सामना करना पड़ा। जॉर्ज मुंसे और बैंडन मैकमुलेन की विस्फोटक बल्लेबाजी और माइकल लीस्क की चार विकेट की पारी स्कॉटलैंड की जीत का मुख्य कारण रही। इटली की टीम अब टूर्नामेंट में सुधार की तलाश करेगी।