स्कॉटलैंड ने ICC को जताया आभार, टी20 वर्ल्ड कप में जगह मिलने पर क्रिकेट बोर्ड को कहा– 'थैंक्यू'

Scotland Team: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड की एंट्री हो गई है। जिसके बाद क्रिकेट स्कॉटलैंड के अध्यक्ष विल्फ वॉल्श ने कहा कि उन्होंने आईसीसी का फैसला स्वीकार कर लिया।
Cricket Scotland expresses heartfelt gratitude to the ICC
स्कॉटलैंड (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Cricket Scotland expresses heartfelt gratitude to the ICC: टी20 विश्व कप 2026 से बांग्लादेश आधिकारिक रूप से बाहर हो गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बांग्लादेश की जगह टी20 विश्व कप में स्कॉटलैंड को शामिल किया है। विश्व कप में अचानक खेलने का मौका मिलने पर स्कॉटलैंड क्रिकेट में उत्साह का माहौल है। क्रिकेट स्कॉटलैंड ने विश्व कप में खेलने का मौका देने के लिए आईसीसी को धन्यवाद दिया है।

क्रिकेट स्कॉटलैंड की सीईओ ट्रुडी लिंडब्लेड ने कहा, "मुझे आईसीसी का एक पत्र मिला जिसमें पूछा गया था कि क्या हमारी पुरुष टीम टी20 विश्व कप में खेलेगी, और हमने प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया।" स्कॉटलैंड को विश्व कप में बांग्लादेश की जगह ग्रुप सी में शामिल किया गया है।

क्रिकेट स्कॉटलैंड के अध्यक्ष ने क्या कहा?

क्रिकेट स्कॉटलैंड के अध्यक्ष विल्फ वॉल्श ने कहा कि आज सुबह मुझे आईसीसी अध्यक्ष जय शाह का फोन आया, जिसमें उन्होंने कन्फर्म किया गया कि स्कॉटलैंड को आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में खेलने का प्रस्ताव मिलेगा। मुझे अपनी टीम की ओर से इसे स्वीकार करके खुशी हुई, जो जाने के लिए तैयार है। हम इस मौके के लिए आईसीसी का धन्यवाद देते हैं। हम इस प्रस्ताव के लिए आईसीसी के आभारी हैं। उन्होंने कहा, "यह स्कॉटलैंड के खिलाड़ियों के लिए लाखों समर्थकों के सामने वैश्विक मंच पर खेलने और मुकाबला करने का एक सुनहरा मौका है। हमें यह मौका मुश्किल और अनोखी परिस्थितियों के कारण मिला है। हमारे खिलाड़ी टूर्नामेंट में श्रेष्ठ प्रदर्शन की कोशिश करेंगे। स्कॉटलैंड की टीम जल्द ही भारत पहुंचने की तैयारी कर रही है ताकि वहां के माहौल में ढल सके और विश्व कप में अपना योगदान दे सके।"

मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर करने के बाद बढ़ा विवाद

बांग्लादेश में हिंदूओं के खिलाफ हो रही लगातार हिंसा के बाद भारत में बांग्लादेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर करने की मांग उठी। रहमान को नीलामी में केकेआर ने 9.2 करोड़ की बड़ी कीमत में खरीदा था। विरोध के बाद बीसीसीआई ने केकेआर को मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का आदेश दिया और केकेआर ने इस निर्देश का पालन किया।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर किए जाने के बाद सुरक्षा कारणों से अपने क्रिकेटरों को टी20 विश्व कप के मैचों के लिए भारत भेजने से इनकार कर दिया और अपने मैच श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग की थी। बांग्लादेश ने अपना ग्रुप भी बदलने की मांग की थी। आईसीसी ने बांग्लादेश की मांग नहीं मानी और उन्हें भारत में जाकर विश्व कप खेलने का आदेश दिया और खिलाड़ियों की सुरक्षा का भरोसा दिया।

सुरक्षा का हवाला देते हुए बांग्लादेश हुआ वर्ल्ड कप से बाहर

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी का आदेश नहीं माना और अपनी सरकार की सलाह पर अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए विश्व कप के लिए भारत भेजने से इनकार कर दिया। यह बांग्लादेश का टी20 विश्व कप का आधिकारिक बहिष्कार था। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के विश्व कप खेलने के लिए भारत न आने के फैसले के बाद आईसीसी ने स्कॉटलैंड को उसकी जगह मौका दिया।