वेलिंगटन क्रिकेट ग्राउंड, प्रैक्टिस करते शुभमन गिल सोर्स: एक्स/@BCCI
क्रिकेट

58 साल का सूखा खत्म करने उतरेंगे कप्तान शुभमन गिल, ऐसा डरावना है वेलिंगटन टेस्ट का इतिहास

India vs New Zealand Wellington Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार रात 3:30 बजे वेलिंगटन में शुरू होगा। जानें टीम इंडिया के पुराने रिकॉर्ड और प्लेइंग-11।

विजय कुमार तिवारी, आकाश मसने

Highlights

  • वेलिंगटन में 58 साल से नहीं जीता भारत

  • एक साल बाद टेस्ट टीम में लौटे बुमराह

  • पटौदी और धोनी की बराबरी करने उतरेंगे गिल

  • बेसिन रिजर्व की पिच पर तेज गेंदबाजों को मदद

  • बुधवार रात 3:30 बजे शुरू होगा पहला टेस्ट मैच

Shubman Gill captaincy Test in New Zealand: भारतीय क्रिकेट टीम का न्यूजीलैंड दौरा अब अपने सबसे अहम और आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। दोनों देशों के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार रात 3:30 बजे से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेला जाएगा। युवा कप्तान शुभमन गिल के सामने इस मैदान पर 58 साल से चले आ रहे जीत के सूखे को खत्म करने की बड़ी चुनौती होगी।

भारत ने वेलिंगटन में अपना आखिरी टेस्ट मैच साल 1968 में मंसूर अली खान पटौदी की कप्तानी में 8 विकेट से जीता था। इसके बाद से टीम इंडिया यहां एक भी मैच नहीं जीत पाई है।

गिल के पास धोनी और पटौदी के क्लब में शामिल होने का मौका

बेसिन रिजर्व मैदान पर भारत के आंकड़े काफी चौंकाने वाले हैं। टीम इंडिया ने यहां अब तक कुल 8 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से केवल एक में जीत मिली है, जबकि 5 में हार का सामना करना पड़ा और 2 मुकाबले ड्रॉ रहे।

अगर पूरे न्यूजीलैंड दौरे की बात करें, तो भारत ने वहां सिर्फ 2 बार ही टेस्ट सीरीज जीती है। पहली बार 1967-68 में पटौदी की कप्तानी में भारत 3-1 से जीता था, और दूसरी बार 2008-09 में एमएस धोनी की अगुवाई में 1-0 से सीरीज अपने नाम की थी। अब गिल के पास इन दिग्गज कप्तानों की बराबरी करने का सुनहरा मौका है।

पिछली हार का बदला लेने का सुनहरा मौका

आंकड़ों के लिहाज से ओवरऑल दोनों टीमों के बीच अब तक 65 टेस्ट खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 22 और न्यूजीलैंड ने 16 मैच जीते हैं, जबकि 27 ड्रॉ रहे। लेकिन न्यूजीलैंड की धरती पर खेले गए 25 मैचों में भारत सिर्फ 5 ही जीत सका है और 10 में उसे हार मिली है। हालिया फॉर्म भी भारत के लिए चिंता का विषय है।

पिछले घरेलू दौरे पर रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत को कीवियों से 0-3 से क्लीन स्वीप झेलना पड़ा था। दूसरी तरफ, न्यूजीलैंड की टीम इंग्लैंड को उसी के घर में 2-1 से हराकर पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतर रही है।

बुमराह कीवियों के खिलाफ कम असरदार

इस टेस्ट मैच के जरिए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पूरे एक साल बाद सफेद जर्सी में वापसी कर रहे हैं। हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ बुमराह का रिकॉर्ड थोड़ा चिंताजनक है। जहां बाकी छह प्रमुख टीमों के खिलाफ बुमराह का गेंदबाजी औसत 18.76 का शानदार रहा है, वहीं कीवी टीम के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों में उनका औसत गिरकर 45.44 पर पहुंच जाता है।

साल 2020 में जब भारत ने पिछली बार वेलिंगटन में टेस्ट खेला था, तब बुमराह सिर्फ एक विकेट ले पाए थे और भारतीय टीम दोनों पारियों में 200 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी थी।

सीमर्स फ्रेंडली पिच बनेगी बड़ी चुनौती

वेलिंगटन की बेसिन रिजर्व पिच शुरुआती दो दिनों में तेज गेंदबाजों के लिए काफी मददगार साबित होती है, जिससे पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाना आसान नहीं होगा। हालांकि, मैच आगे बढ़ने पर पिच सपाट हो सकती है और बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका मिलेगा।

वेलिंगटन दुनिया के सबसे तेज हवाओं वाले शहरों में गिना जाता है। यहां हवा उत्तर से दक्षिण की ओर तेज गति से चलती है, जिससे गेंदबाजों को एक छोर से हवा के विपरीत दौड़ना पड़ता है। मैच से पहले दो दिन हल्की बूंदाबांदी हुई है, लेकिन मुकाबले के दौरान मौसम साफ रहने और तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

इस रोमांचक मुकाबले के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार हो सकती है:

  • भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी/अंशुल कंबोज/आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा/गुरनूर बरार।

  • न्यूजीलैंड: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जेमिसन, मैट हेनरी, जैकब डफी/ब्लेयर टिकनर।

वाह मजा आ गया, आतंकी लतीफ भट को मारने के बाद सुरक्षाबलों ने किया बल्ले-बल्ले; VIDEO हुआ वायरल

कहीं चोलकालीन मूर्ति तो कहीं कच्छ की दुर्लभ कला, PM नरेंद्र मोदी ने विदेशी नेताओं को दिए भारत के ये खास उपहार

22 साल का लतीफ भट क्यों बना कारपेंटर से आतंकवादी, जानें लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर का पाकिस्तानी गेम

ट्रंप को पिछवाई पेंटिंग, अल्बानीज को ब्लू पॉटरी; PM मोदी ने विदेशी नेताओं को क्या-क्या गिफ्ट दिया? PHOTOS

आज़म खान के लिए सुप्रीम कोर्ट ने ED को फटकारा, 'आसमान नहीं टूट पड़ेगा, उन्हें अंतरिम जमानत पर रहने दें'