Team India Using Away Dressing Room: भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर 2026 से तीन मैचों की T20 सीरीज शुरू होगी। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले पहले मुकाबले में टीम इंडिया एक ऐसी स्थिति का सामना करेगी, जो भारतीय क्रिकेट में पहली बार देखने को मिलेगी।
सीरीज में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड आधिकारिक मेजबान है। इसी वजह से भारत को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मेहमान टीम के लिए बने ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल करना होगा। यानी भारत अपनी ही जमीन पर मेहमान टीम के ड्रेसिंग रूम में बैठेगा।
स्टेडियम में आमतौर पर भारतीय टीम के लिए इस्तेमाल होने वाला होम ड्रेसिंग रूम इस सीरीज में अफगानिस्तान की टीम को दिया जाएगा। ये ड्रेसिंग रूम पूर्व भारतीय क्रिकेटर रमन लांबा के नाम पर है। वहीं, टीम इंडिया उस ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल करेगी, जो आम तौर पर मेहमान टीम के लिए होता है। ये ड्रेसिंग रूम पूर्व भारतीय खिलाड़ी प्रकाश भंडारी के नाम पर है।
इस बदलाव की वजह अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड का आधिकारिक तौर पर सीरीज का मेजबान होना है। अफगानिस्तान में लंबे समय से बुनियादी ढांचे और सुरक्षा से जुड़ी परेशानियों के कारण वहां नियमित रूप से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट आयोजित करना मुश्किल रहा है। ऐसे में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए दूसरे देशों के मैदानों का इस्तेमाल किया है।
भारत के खिलाफ ये सीरीज भी इसी व्यवस्था का हिस्सा है। हालांकि, इस बार खास बात ये है कि अफगानिस्तान आधिकारिक तौर पर भारत के खिलाफ सीरीज का मेजबान है और तीनों मुकाबले दिल्ली में खेले जाएंगे।
| मैच | तारीख | स्थान | समय (IST) |
|---|---|---|---|
| पहला टी20 | रविवार, 13 सितंबर 2026 | अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली | शाम 7:30 बजे |
| दूसरा टी20 | मंगलवार, 15 सितंबर 2026 | अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली | शाम 7:30 बजे |
| तीसरा टी20 | गुरुवार, 17 सितंबर 2026 | अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली | शाम 7:30 बजे |
क्रिकेट में मेजबान टीम का दर्जा सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं होता। इससे टीमों के ड्रेसिंग रूम, मैदान की व्यवस्था और मैच से जुड़ी दूसरी व्यवस्थाएं भी तय होती हैं। इसी वजह से इस सीरीज में टीम इंडिया को अपने ही देश में अवे ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल करना पड़ेगा।
भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला T20 मुकाबला 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके साथ ही दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की सीरीज की शुरुआत होगी।