

India-Japan 1st Ever T20I Match: भारतीय क्रिकेट टीम के लिए आने वाले दिनों में कई अहम मुकाबले होने वाले हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद एशियन गेम्स 2026 में टीम इंडिया अपने गोल्ड मेडल का बचाव करने मैदान पर उतरेगी। इसी बीच भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक अनोखी क्रिकेट भिड़ंत का ऐलान हुआ है।
भारत और जापान की पुरुष सीनियर क्रिकेट टीमें पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में आमने-सामने होंगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 4 सितंबर को इस खास मुकाबले का ऐलान किया। दोनों टीमों के बीच यह टी20 मैच 22 सितंबर 2026 को खेला जाएगा।
इस मुकाबले का आयोजन भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के अवसर पर किया जा रहा है। BCCI और जापान क्रिकेट एसोसिएशन ने मिलकर इस विशेष मैच की घोषणा की है।
भारत और जापान के बीच होने वाले इस मुकाबले को ‘सुजुकी कप’ नाम दिया गया है। मैच जापान के तोचिगी प्रीफेक्चर स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। भारतीय समय के अनुसार मुकाबले की शुरुआत सुबह 9:30 बजे होगी।
खेल के क्षेत्र में दोनों देशों के सहयोग को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई ‘स्पोर्ट 75’ पहल के तहत इस मुकाबले को अहम कदम माना जा रहा है। इसी पहल के तहत भारत और जापान के बीच खेल संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
भारत और जापान की टीमें इससे पहले अंडर-19 स्तर पर एक-दूसरे के खिलाफ खेल चुकी हैं, लेकिन सीनियर पुरुष क्रिकेट में दोनों देशों की यह पहली भिड़ंत होगी।
मुकाबले में भारतीय टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करते नजर आएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, एशियन गेम्स 2026 के लिए चुनी गई भारतीय टीम के ही खिलाड़ियों को जापान के खिलाफ इस मुकाबले में उतारा जाएगा।
इस लिहाज से यह मैच भारतीय खिलाड़ियों के लिए एशियन गेम्स से पहले अपनी तैयारियों को परखने का भी मौका होगा। वहीं, जापान के लिए भारत जैसी मजबूत क्रिकेट टीम के खिलाफ सीनियर स्तर पर पहला मुकाबला ऐतिहासिक अवसर होगा।
भारत-जापान का यह मुकाबला दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों के लिहाज से भी खास माना जा रहा है और इसे खेल के जरिए दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।