Highlights
इंडिया-ए ने ऑस्ट्रेलिया-ए को 49 रन से हराया।
शेडगे 66 और निगम 40 के बीच 85 रन की पार्टनरशिप से टीम ने 275 रन बनाए।
आखिरी 7 विकेट भारतीय गेंदबाजों ने 49 रन के अंदर झटके।
Ind A vs Aus A: इंडिया-ए ने तीसरे और आखिरी अनौपचारिक वनडे मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया-ए को 49 रनों से हरा दिया। एक समय मैच पूरी तरह से ऑस्ट्रेलिया-ए के शिकंजे में दिख रहा था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने मैच का पासा पलट दिया।
हालांकि, इस मुकाबले में मिली रोमांचक जीत के बावजूद इंडिया-ए तीन मैचों की यह वनडे सीरीज 2-1 से हार गई, क्योंकि शुरुआती दो मुकाबले ऑस्ट्रेलिया-ए ने अपने नाम किए थे।
इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया-ए ने टॉस जीता और इंडिया-ए को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारत की शुरुआत काफी ठोस रही। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या 49 और प्रभसिमरन सिंह 39 ने पहले विकेट के लिए 83 रनों की मजबूत साझेदारी कर एक बड़े स्कोर की नींव रखी।
लेकिन इस बेहतरीन शुरुआत का मध्यक्रम फायदा नहीं उठा सका। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 33, देवदत्त पडिक्कल 2 और रजत पाटीदार 3 के सस्ते में आउट होने के कारण इंडिया-ए का बल्लेबाजी क्रम लड़खड़ा गया और टीम ने 159 रन पर अपने 6 विकेट गंवा दिए।
इस संकट की घड़ी में सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने भारतीय पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए महज 77 गेंदों में 85 रनों की बहुमूल्य साझेदारी की। विपराज निगम ने 44 गेंदों में 40 रनों का योगदान दिया, जबकि सूर्यांश शेडगे ने 60 गेंदों में 66 रनों की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली।
इस जुझारू प्रदर्शन की बदौलत इंडिया-ए ने 47.3 ओवरों में 275 रनों का चुनौतीपूर्ण और सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया-ए की ओर से विल सदरलैंड और बेन ड्वारशुइस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट चटकाए।
276 रनों के मजबूत लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया-ए की शुरुआत बेहद शानदार रही। सलामी बल्लेबाज जोश फिलिप्स (56) और लियाम स्कॉट (26) ने पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़कर भारतीय गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया।
इसके बाद नाथन मैकस्वीनी (39) और लाचलान शॉ (31) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं। जब ऑस्ट्रेलिया-ए का स्कोर 3 विकेट पर 177 रन था, तब मेहमान टीम बेहद मजबूत स्थिति में थी और उसकी जीत तय लग रही था। इसके बाद मैच में भारतीय गेंदबाजों का तूफान आया।
गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर ऐसा दबाव बनाया कि पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। ऑस्ट्रेलिया-ए ने अपने आखिरी 7 विकेट महज 49 रनों के भीतर गंवा दिए। भारत के लिए गुरजपनीत सिंह ने 56 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि यश ठाकुर ने 38 रन देकर 2 और निशांत सिंधु ने 32 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
इस घातक गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलिया-ए की पूरी टीम 46.2 ओवर में 226 रनों पर ऑलआउट हो गई और इंडिया-ए ने 49 रनों से यह मुकाबला जीत लिया।