वैभव सूर्यवंशी (सोर्स- @BCCI
क्रिकेट

वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़ा UAE, इंडिया-A ने 7 विकेट से दर्ज की धमाकेदार जीत; सेमीफाइनल में मारी एंट्री

India A vs UAE Rising Stars Asia Cup 2026: वैभव सूर्यवंशी ने UAE के खिलाफ महज 53 गेंदों में 204 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी से भारत-A ने 7 विकेट से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

अक्षय साहू

Highlights:

  • वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी से इंडिया-A ने UAE को 7 विकेट से हराया।

  • इंडिया-A ने महज 14.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर सेमीफाइनल में जगह पक्की की।

  • वैभव सूर्यवंशी ने अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 21 गेंदों में 68 रन जोड़े।

  • UAE के हरप्रीत भाटिया ने 144 गेंदों में 130 रन की शानदार पारी खेली।

Vaibhav sooryavanshi Double Century: ACC मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया। मंगलवार को UAE के खिलाफ मुकाबले में वैभव के तूफानी दोहरे शतक की बदौलत भारत-A ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

दोहा स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी ग्राउंड पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी UAE की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने महज 20 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद भारतीय मूल के बल्लेबाज हरप्रीत सिंह ने मोहम्मद शाहदाद के साथ पारी को संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी हुई। शाहदाद 28 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

हरप्रीत भाटिया ने जड़ा शानदा शतक

इसके बाद हरप्रीत ने एथन डिसूजा के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। डिसूजा ने 25 रनों का योगदान दिया। 154 रन तक UAE की आधी टीम आउट हो चुकी थी। ऐसे में हरप्रीत ने कप्तान बेसिल हमीद के साथ छठे विकेट के लिए 66 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हरप्रीत सिंह ने 144 गेंदों में 12 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 130 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, कप्तान बेसिल हमीद 36 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारत-A की ओर से अरशद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 43 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट झटके। उनके अलावा हर्षित राणा, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे और शाहबाज अहमद ने एक-एक विकेट हासिल किया।

वैभव सूर्यवंशी ने 53 गेंदों में ठोके 204 रन

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने महज 14.2 ओवर में मुकाबला अपने नाम कर लिया। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए सिर्फ 21 गेंदों में 68 रन जोड़ दिए। अभिषेक 5 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में 2 बाउंड्री शामिल रहीं।

इसके बाद वैभव ने प्रभसिमरन सिंह के साथ दूसरे विकेट के लिए 13 गेंदों में 40 रन की साझेदारी की। प्रभसिमरन 4 गेंदों में सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद मैदान पर आए रिंकू सिंह ने वैभव का साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 137 रन की विस्फोटक साझेदारी कर भारत को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया।

लिस्ट-ए में सबसे तेज शतक

वैभव सूर्यवंशी ने 53 गेंदों का सामना करते हुए 28 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 204 रन बनाए। उन्होंने महज 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड है। इसके अलावा उन्होंने 40 गेंदों में 150 रन और 52 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा कर इतिहास रच दिया।

रिंकू सिंह ने दिलाई भारत को आसान जीत

वैभव के आउट होने के बाद रिंकू सिंह ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने नाबाद 27 रन बनाए और कुमार कुशाग्र (नाबाद 1) के साथ चौथे विकेट के लिए 9 रनों की अटूट साझेदारी कर भारत-A को जीत दिला दी।

UAE की ओर से जाहिद अली, इबरार अहमद और बेसिल हमीद ने एक-एक विकेट हासिल किया। हालांकि, वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने UAE के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। इस शानदार जीत के साथ भारत-A ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफानल प्रवेश कर गई है। -एजेंसी इनपुट के साथ

ट्रेन में अब नहीं मिलेगी पहले जैसी खाने की थाली, 8-10 की जगह परोसेंगे सिर्फ 4 आइटम; जानें नया मेन्यू

महिला कलेक्टर से कथित दुर्व्यवहार, TVK विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग; DMK सांसद ने उठाया CM विजय पर सवाल

PM मोदी ने किस व्यक्ति की फोटो नेपाल के प्रधानमंत्री को दी? जिससे वो भावुक हो गए

यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को दिया मात्र 26 सीटों का ऑफर, इमरान मसूद भड़के; कहा- भीख नहीं मांग रहा

Bisleri का पानी ही जांच में फंसा तो लोकल बोतलों का क्या भरोसा? अवैध प्लांट में तैयार हो रहा सेहत का खतरा