भारत और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम की कप्तान  सोर्स- सोशल मीडिया
क्रिकेट

IND W vs ZIM W 2nd ODI: सीरीज पर कब्जा करने उतरेगी भारतीय महिला टीम, दूसरे वनडे में आज जिम्बाब्वे से टक्कर

IND vs ZIM: पहले मैच में 9 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम रविवार को वडोदरा में जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरा वनडे जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

राहुल उपाध्याय

Highlights:

  • महिला क्रिकेट में आज भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा दूसरा वनडे मैच

  • दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला वडोदरा के कोटांबी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा

  • भारतीय टीम ने पहले वनडे में जिम्बाब्वे को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी थी

India Women vs Zimbabwe Women 2nd ODI: भारत और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज यानी रविवार, 25 अक्टूबर को वडोदरा के कोटांबी क्रिकेट स्टेडियम में दोपहर 2 बजे से खेला जाएगा। भारत इस सीरीज में 1-0 से आगे है।

ऐसे में आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय महिला क्रिकेट टीम का इरादा आज तीन मैचों की इस सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बनाने पर होगा। टी-20 सीरीज को 3-0 से अपने नाम करने के बाद भारत ने वनडे सीरीज की शुरुआत भी धमाकेदार अंदाज में की है। पहले वनडे में जिम्बाब्वे को 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर भारत ने अपने इरादे साफ कर दिए हैं।

कप्तान स्मृति मांधना की अगुवाई में विजयी शुरुआत

लगभग आठ महीने बाद 50-ओवर फॉर्मेट में उतरी भारतीय टीम के लिए आईसीसी विमेंस चैंपियनशिप (2025-29 चक्र) के लिहाज से यह सीरीज बेहद महत्वपूर्ण है। स्मृति मांधना की पूर्णकालिक कप्तानी में भारत ने देर से ही सही, लेकिन विजयी शुरुआत की है।

जहां वेस्टइंडीज 12 और बाकी टीमें 9-9 मैच खेल चुकी हैं, वहीं 2029 विश्व कप के सीधे क्वालिफिकेशन की लंबी राह में भारत के लिए इस सीरीज का हर एक अंक बेहद अहम है।

प्रतीका रावल और श्री चरणी के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें

भारतीय टीम संयोजन पर काम कर रहे टीम प्रबंधन के लिए प्रतीका रावल की फॉर्म राहत की बात है। पहले वनडे में 96 गेंदों में नाबाद 100 रनों की आक्रामक और परिपक्व पारी खेलकर उन्होंने शीर्ष क्रम में खुद को साबित किया। प्रतीका ने पहले मांधना के साथ 94 रनों की साझेदारी की और फिर शेफाली के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई।

गेंदबाजी में स्पिनर श्री चरणी का शानदार फॉर्म

गेंदबाजी में स्पिनर श्री चरणी शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने पिछले मैच में पिच से मदद न मिलने के बावजूद बेहद अनुशासित गेंदबाजी की और 23 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उनके अलावा तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने भी तीन विकेट लेकर जिम्बाब्वे को 197 रन पर समेटने में मुख्य भूमिका निभाई थी।

जिम्बाब्वे को युवा बीलव्ड बिजा से बड़ी उम्मीदें

जिम्बाब्वे की टीम को अगर इस मुकाबले और सीरीज में बने रहना है, तो उसके बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। पहले मैच में महज 17 वर्ष और 291 दिन की उम्र में 62 रनों की जुझारू पारी खेलने वाली बीलव्ड बिजा पर एक बार फिर सबकी नजरें टिकी होंगी।

बिजा भारत के खिलाफ वनडे में अर्धशतक जड़ने वाली दुनिया की दूसरी सबसे युवा महिला बल्लेबाज बनी हैं। शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने के बाद उन्होंने एक छोर संभाले रखा था, और टीम को उनसे फिर एक लंबी पारी की दरकार होगी।

जानें कैसा रहेगा यहां की पिच

वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम की सतह अब काली मिट्टी के बजाय लाल मिट्टी की हो चुकी है। इस मैदान का इतिहास हाई-स्कोरिंग मैचों का रहा है, जहां 2024 में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 314 और 358 जैसे विशाल स्कोर खड़े किए थे।

पहले मुकाबले के अनुसार, तेज गेंदबाजों को शुरुआत में अच्छा उछाल और कैरी मिलता है, जबकि बीच के ओवरों में स्पिनर्स को ग्रिप हासिल करने में कामयाबी मिलती है।

कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?

आपको बता दें कि आज, रविवार को भारत और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट मैच के दौरान वडोदरा का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे खिलाड़ियों को उमस और गर्मी की चुनौती का सामना करना पड़ेगा।

भारत के इरादे ठीक नहीं...पाकिस्तान ने जिंदा रखा, कश्मीर को लेकर फारूक अब्दुल्ला का विवादित बयान, भाजपा ने घेरा

प्रदर्शन को लेकर सोनम वांगचुक की नसीहत, ‘दबाए गए तो नेपाल-बांग्लादेश जैसे हालात बनेंगे’

Cyber Fraud: ऑनलाइन स्कैम के बाद कैसे बचाएं पैसे? 1930 पर कॉल से लेकर ऑनलाइन शिकायत तक जानें जरूरी बातें

राहुल गांधी को री-लॉन्च करने के चक्कर में हो रहा पार्टी का नुकसान, कांग्रेस पर बरसे संजय निरुपम

युवाओं को विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा, राही मासूम रजा की जन्म शताब्दी पर बोले LG मनोज सिन्हा