T20 WC 2026 IND vs PAK Women's Match Record: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में अपने सफर का आगाज पाकिस्तान के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ किया। इस मुकाबले में हरमनप्रीत की अगुवाई में टीम इंडिया ने पड़ोसी मुल्क की टीम पाकिस्तान को 64 रन के बड़े अंतर से मात दी । भारतीय टीम की जीत में सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना की अर्धशतकीय पारी, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष की विस्फोटक पारी के साथ ही दीप्ति शर्मा और श्री चरणी की घातक गेंदबाजी का योगदान रहा।
पाकिस्तान पर भारत की बड़ी जीत के साथ इस मुकाबले में दर्शकों की मौजूदगी ने एक बड़ा रिकॉर्ड बना डाला। दरअसल, एजबेस्टन में खेले गए IND-PAK के इस मुकाबले में को देखने के लिए 18 हजार 814 फैंस पहुंचे थे। ये अब तक का आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप के किसी भी ग्रुप स्टेज का सबसे ज्यादा दर्शकों की संख्या वाला मुकाबला बन गया है। इसमें भी पाकिस्तान से ज्यादा भारतीय दर्शक की मौजूदगी थी। बता दें कि इससे पहले साल 2024 में भारत-पाक मैच में 15935 दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे। ये मुकाबला दुबई में हुआ था।
स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भारतीय पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 109 रन तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर मंधाना का विकेट गिरा। मंधाना ने बेहतरीन अर्धशतक लगाया। वह 44 गेंदों पर 68 रन बनाकर आउट हुईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 35 गेंदों पर 36 रन बनाए।
पारी के आखिर में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने 17 गेंदों पर 1 छक्का और 5 चौके की मदद से 34 रन बनाकर भारतीय पारी को 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 170 तक पहुंचाया।पाकिस्तान के लिए सादिया इकबाल ने और फातिमा सना ने 2-2, जबकि तस्मिया रुबाब और रमीन शमीम ने 1-1 विकेट लिए।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ दीप्ति का ऐतिहासिक ‘पंजा’, Women’s T20 World Cup में 5 विकेट लेकर बनाया रिकॉर्ड
171 रन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पाकिस्तान टीम की तरफ से सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली को छोड़कर कोई भी अन्य बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना नहीं कर सकी। मुनीबा ने 35 गेंदों पर 41 रन बनाए। पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने घातक गेंदबाजी की। दीप्ति ने 4 ओवर में 10 रन देकर 5 विकेट लिए। चरणी ने 4 ओवर में 21 रन देकर 3 लिए। शेफाली वर्मा को 1 विकेट मिला।