शुभमन गिल ने टीम के प्रदर्शन की तारीफ की, पर मौके चूकने का मलाल जताया।
सीरीज का निर्णायक और आखिरी टेस्ट अब क्राइस्टचर्च में होगा।
ड्रॉ के बाद फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए क्राइस्टचर्च टेस्ट जीतना जरूरी।
Shubman Gill Statement: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच आखिरकार ड्रॉ पर खत्म हुआ। इस मुकाबले के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टीम के प्रदर्शन, पिच के मिजाज और आगामी मुकाबले को लेकर खुलकर अपनी बात रखी।
गिल ने माना कि टीम ने हर विभाग में शानदार खेल दिखाया, लेकिन कुछ मौकों को न भुना पाने का मलाल उन्हें जरूर है। अब दो मैचों की इस सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा।
दरअसल, मैच खत्म होने के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में जब शुभमन गिल से पूछा गया कि क्या मैदान पर दिन मुश्किल भरा रहा, तो उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया। गिल ने कहा कि नहीं, सच कहूं तो ऐसा नहीं था। हमें पहले से अंदाजा था कि इस विकेट पर विपक्षी टीम के दस विकेट निकालना एक बड़ी चुनौती होगी।
वहीं उन्होंने कहा कि हमारे पास मौके जरूर बने थे, खासकर निचले क्रम के खिलाफ। ऐसे मौकों पर आप कभी पक्के तौर पर नहीं कह सकते कि नतीजा क्या होगा। कुल मिलाकर फील्डिंग में हमारा दिन ठीक-ठाक रहा।
बल्लेबाजी और गेंदबाजी में टीम के ओवरऑल प्रदर्शन पर बात करते हुए गिल काफी संतुष्ट नजर आए। उन्होंने कहा कि घर से बाहर खेलना हमेशा अलग चुनौती होती है, लेकिन टीम ने मेजबान टीम को हर क्षेत्र में कड़ी टक्कर दी।
गिल के मुताबिक, पहली पारी में जब हम गेंदबाजी करने उतरे, तब से ही हमने उन्हें दबाव में रखा। बल्लेबाजी में भी सभी ने अपना योगदान दिया। भले ही हमारी तरफ से सिर्फ दो शतक लगे, लेकिन हमने कुल मिलाकर 700 से ज्यादा रन बनाए, जो कि एक बहुत बड़ा स्कोर है।"
सीरीज के दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच की तैयारियों पर गिल ने साफ किया कि वे टीम की रणनीति में किसी बड़े बदलाव के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्राइस्टचर्च की पिच पर तेज गेंदबाजों को थोड़ी ज्यादा मदद मिलेगी। कप्तान ने कहा कि अगर भारतीय खिलाड़ी इसी निरंतरता के साथ अपने प्लान को मैदान पर उतारते हैं, तो टीम बेहद मजबूत स्थिति में होगी।
वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2027 फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लगा है। मौजूदा चक्र में भारत का यह तीसरा और लगातार दूसरा ड्रॉ है। इससे पहले टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट भी ड्रॉ खेलकर आई थी। पिछले 11 सालों में यह पहला मौका है जब भारत ने लगातार दो टेस्ट मैच ड्रॉ खेले हैं।
अब WTC 2027 फाइनल में कैसे पहुंचेगा भारत?
इस ड्रॉ के बाद भारत के खाते में फिलहाल 50 प्रतिशत अंक हैं। मौजूदा चक्र में टीम इंडिया को अभी 6 टेस्ट मैच और खेलने हैं। एक मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ बाकी है, जबकि 5 टेस्ट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में खेले जाने हैं। फाइनल का टिकट कटाने के लिए भारत के सामने अब ये समीकरण हैं।
सभी 6 मैच जीतने पर: अगर भारत बचे हुए सभी 6 मुकाबले जीत लेता है, तो उसके 66.67 प्रतिशत अंक हो जाएंगे। पिछले रिकॉर्ड्स को देखते हुए इतने अंक फाइनल में जगह पक्की करने के लिए काफी होंगे।
5 जीत और 1 ड्रॉ: इस स्थिति में भारत के 62.69 प्रतिशत अंक होंगे, जो फाइनल की दौड़ में बनाए रखेंगे।
5 जीत और 1 हार: अगर टीम 5 मैच जीतती है और एक हारती है, तो अधिकतम 61.11 प्रतिशत अंक ही मिल पाएंगे। इसके साथ भी टॉप-2 में पहुंचने की उम्मीद बनी रहेगी।
4 जीत और 2 ड्रॉ: ऐसा होने पर भारत के खाते में 59.26 प्रतिशत अंक रहेंगे।
4 जीत, 1 ड्रॉ और 1 हार: इस समीकरण के साथ टीम 57.41 प्रतिशत अंक तक पहुंचेगी।
4 जीत और 2 हार: अगर भारत सिर्फ 4 मैच जीतता है और 2 हार जाता है, तो अंक प्रतिशत गिरकर 55.56 रह जाएगा, जिसके बाद फाइनल खेलना लगभग नामुमकिन होगा।
सीधे शब्दों में कहें तो टीम इंडिया अब बचे हुए 6 मैचों में एक ड्रॉ के साथ ज्यादा से ज्यादा एक हार ही झेल सकती है। इससे खराब प्रदर्शन भारत का लगातार तीसरी बार WTC फाइनल खेलने का सपना तोड़ सकता है।