आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस का साथ छोड़ सकते हैं।
आर अश्विन के मुताबिक, हार्दिक को ट्रेड करने में राजस्थान रॉयल्स सबसे आगे है।
चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स भी हार्दिक को टीम में शामिल करने की रेस में हैं।
Ravichandran Ashwin Statement Regarding Hardik Pandya: IPL 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले एक बड़ी खबर सामने आई है। मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान और अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या आईपीएल के आगामी 20 वें सीजन से पहले मुंबई इंडियंस से अलग हो सकते हैं। इस बीच, भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने हार्दिक के अगले ठिकाने को लेकर एक बड़ा दावा किया है, जिसने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी है।
रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर हार्दिक पांड्या के संभावित ट्रेड को लेकर खुलकर बात की। अश्विन के अनुसार, हार्दिक पांड्या को ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल करने की दौड़ में राजस्थान रॉयल्स सबसे आगे चल रही है। हालांकि, हार्दिक को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अश्विन के इस बयान ने राजस्थान के फैंस को बेहद उत्साहित कर दिया है।
हार्दिक पांड्या जैसे मैच-विनर खिलाड़ी को हर टीम अपने पाले में करना चाहती है। यही वजह है कि राजस्थान रॉयल्स के अलावा चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का नाम भी इस रेस में तेजी से चल रहा है। क्रिकेट गलियारों में तो यहाँ तक चर्चा थी कि खुद एमएस धोनी हार्दिक पांड्या से बात कर उन्हें सीएसके में शामिल होने के लिए मना सकते हैं।
हार्दिक पांड्या ने अपने IPL करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस से ही की थी। इसके बाद वह गुजरात टाइटंस (GT) में गए और अपनी कप्तानी में पहले ही सीजन में टीम को चैंपियन बनाया, जबकि दूसरे सीजन में टीम रनर-अप रही।
साल 2023 में एक हाई-प्रोफाइल ट्रेड के जरिए हार्दिक की मुंबई इंडियंस में वापसी हुई और उन्हें रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनाया गया। लेकिन हार्दिक की कप्तानी में मुंबई का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और टीम को फैंस की नाराजगी भी झेलनी पड़ी। शायद यही वजह है कि आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक एक नई शुरुआत की तलाश में हैं।