स्पोर्ट्स डेस्क: 9 मार्च 2025 का दिन शायद ही कोई भारतीय भूल पाएगा। इस दिन भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में इतिहास रच दिया था। न्यूजीलैंड को हराकर टीम इंडिया ने तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था। जिसके बाद बीसीसीआई ने अपनी विजेता टीम के लिए खजाना खोल दिया है, और पूरी टीम को इनाम के तौर पर 58 करोड़ रुपये देने की बात कही है। ऐसे में अब सभी के मन में ये सवाल आ रहा होगा कि इन पैसों का बंटवारा कैसे होगा?
अगर आपके मन में भी ये सवाल आ रहा है, तो चलिए आपके इस सवाल का जवाब दे देते हैं...बीसीसीआई द्वारा मिलने वाले 58 करोड़ रुपये पूरी टीम, कोचिंग स्टाफ, सपोर्ट सहयोगी स्टाफ के साथ-साथ अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति के सदस्यों में बांटी जाएगी।
58 करोड़ रुपसे में से भारतीय टीम के हर खिलाड़ी और मुख्य कोच गौतम गंभीर को तीन-तीन करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि कोचिंग स्टाफ के हर सदस्य को 50-50 लाख रुपये दिए जाएंगे। बीसीसीआई सचिव सैकिया ने भारत की खिताब जीतने वाली टीम को दिए जाने वाले 58 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार का ब्योरा दिया है।
उन्होंने कहा, 'हर खिलाड़ी को तीन-तीन करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि मुख्य कोच गौतम गंभीर को भी इतनी ही रकम मिलेगी। इसके अलावा अन्य कोचों को 50-50 मिलेंगे, जिसमें सहायक कोच रेयान टेन डोएशेट, अभिषेक नायर, बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक और गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल का नाम शामिल है। इसके अलावा बीसीसीआई अधिकारियों को 25-25 लाख रुपये दिए जाएंगे।
जानकारी के लिए बता दें कि खिताब जीतने पर भारत को करीब 20 करोड़ रुपए का नकद पुरस्कार मिला। टूर्नामेंट की उपविजेता न्यूजीलैंड को करीब 9.72 करोड़ रुपए मिले। इसके अलावा सेमीफाइनल में हारने वाली ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका को 4.86 करोड़ रुपए मिले थे।