एसीसी अंडर-19 विमेंस एशिया कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम घोषित
विकेटकीपर-बल्लेबाज भाविका अहीरे को टीम इंडिया की कमान सौंपी गई है।
अनादि तागड़े को टीम का उप-कप्तान नियुक्त किया गया है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने शनिवार को बयान जारी कर यह जानकारी दी।
ACC U19 Womens Asia Cup India Squad: अगले महीने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होने वाले एसीसी अंडर-19 विमेंस एशिया कप 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है।
इस बड़े टूर्नामेंट में टीम इंडिया की कमान विकेटकीपर-बल्लेबाज भाविका अहीरे को सौंपी गई है। वहीं, अनादि तागड़े को टीम का उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर इस स्क्वाड का ऐलान किया।
चयनकर्ताओं ने इस टूर्नामेंट के लिए एक संतुलित टीम चुनी है। कप्तान भाविका अहीरे के अलावा श्रेया एस. चव्हाण को दूसरे विशेषज्ञ विकेटकीपर के रूप में टीम में जगह मिली है। इसके अलावा स्क्वाड में दीया यादव, इरा जाधव, ईश्वरी अवसरे, समायरा राघव और उमा काश्वी जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। हालांकि, बीसीसीआई की ओर से जारी इस एडवाइजरी में अभी टूर्नामेंट की तारीखों या पूरे शेड्यूल की जानकारी नहीं दी गई है।
आपको बता दें कि भाविका अहीरे को उनकी हालिया कप्तानी और बेहतरीन प्रदर्शन का इनाम मिला है। इस साल की शुरुआत में उन्हीं की अगुवाई में भारत ने चेन्नई और पुडुचेरी में श्रीलंका के खिलाफ व्हाइट-बॉल सीरीज जीती थी।
फिलहाल भाविका वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज में टीम की कमान संभाल रही हैं। इस सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारत ने 106 रनों की बड़ी जीत दर्ज कर 2-0 की बढ़त बना ली है।
भारतीय टीम इस एशिया कप में अपना खिताब बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। इससे पहले साल 2023 में मलेशिया में खेले गए पहले अंडर-19 महिला एशिया कप की ट्रॉफी भारत ने ही जीती थी। इसके अलावा यह टूर्नामेंट जनवरी-फरवरी 2027 में होने वाले आईसीसी अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है।
भारत दुनिया की इकलौती ऐसी टीम है, जिसने 2023 (साउथ अफ्रीका) और 2025 (मलेशिया) दोनों ही अंडर-19 वर्ल्ड कप के खिताब जीते हैं। 2025 की उस ऐतिहासिक जीत में निक्की प्रसाद की कप्तानी वाली टीम में भाविका अहीरे और ईश्वरी अवसरे भी शामिल थीं, जिनका अनुभव अब एशिया कप में टीम के काम आएगा।
भाविका अहीरे (कप्तान/विकेटकीपर), अनादि तागड़े (उप-कप्तान), इरा जाधव, निधि महतो, पूर्वा सिवाच, महक नरवासे, मैत्री मनियार, ईश्वरी अवसरे, दीया यादव, श्रेया एस चव्हाण (विकेटकीपर), समायरा राघव, कुमारी पलक, उमा काशवी, अक्साह परमार और पलक सिंह।