

आज पाकिस्तान-ए और श्रीलंका-ए के बीच राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 का फाइनल है।
यह मैच आज, रविवार, 29 नवंबर को खेला जाएगा।
मुकाबला दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा।
खिताब के लिए दोनों युवा टीमों के बीच कांटे की टक्कर होगी।
Rising Stars Asia Cup 2026 Final Live Streaming: राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 का खिताबी मुकाबला आज यानी रविवार, 29 नवंबर को पाकिस्तान-ए और श्रीलंका-ए के बीच खेला जाएगा। दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस फाइनल मैच में दोनों युवा टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।
फाइनल तक का सफर दोनों ही टीमों के लिए शानदार रहा है। पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका-ए ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए भारत-ए को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी और खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया।
वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान-ए की टीम ने बांग्लादेश-ए को 5 विकेट से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। इस महामुकाबले में पाकिस्तान की कमान अब्दुल समद संभाल रहे हैं, जबकि श्रीलंका की अगुवाई पवन रत्नायके करेंगे।
दरअसल, आंकड़ों पर नजर डालें तो इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान टीम का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है। पाकिस्तान अब तक तीन बार यह ट्रॉफी अपने नाम कर चुका है। उसने 50 ओवर के फॉर्मेट में 2019 और 2023 में खिताब जीता था, जबकि 2025 में टी-20 फॉर्मेट का चैंपियन बना था।
इस बार टूर्नामेंट 50 ओवर के फॉर्मेट में खेला जा रहा है, ऐसे में पाकिस्तान-ए की नजर इस प्रारूप में अपनी तीसरी ट्रॉफी जीतने पर होगी। दूसरी तरफ, श्रीलंका ने 2017 और 2018 में लगातार दो बार खिताब जीता था। श्रीलंकाई टीम आज मैदान पर उतरकर पिछले आठ साल से चले आ रहे अपने खिताबी सूखे को खत्म करना चाहेगी।
तारीख और दिन: रविवार, 29 नवंबर 2026
स्थान: वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
समय: भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे (टॉस दोपहर 3:00 बजे होगा)
टीवी प्रसारण: सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर सीधा प्रसारण
लाइव स्ट्रीमिंग: Sony LIV ऐप और वेबसाइट पर ऑनलाइन स्ट्रीमिंग
श्रीलंका-ए टीम: पवन रत्नायके (कप्तान), लसिथ क्रूसपुले, जनिथ लियानागे, चमिका हीनाटिगाला, रविंदु फर्नांडो, निशान मदुष्का, शारुजन शनमुगनाथन, सिनेथ जयवर्धने, निपुन धनंजय, विजयकांत व्यासकांत, लाहिरू समरकून, वानुजा सहन, दुविंदु रणतुंगा, गरुका संकेत और दुलाज समुधिता।
पाकिस्तान-ए टीम: अब्दुल समद (कप्तान), अहमद दानियाल, दानिश अजीज, फरहान यूसुफ, हैदर अली, हसन नवाज, मोहम्मद इमरान रंधावा, माज़ सदाकत, मोहम्मद हसनैन, रोहेल नजीर, साद मसूद, शहजैब खान, शमील हुसैन, सुफियान मुकीम और अली रजा।