Asian Games Abhishek Sharma Record: एशियन गेम्स 2026 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने फाइनल में पाकिस्तान को 19 रनों से हराते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क के मैदान पर भारत से मिले 212 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 192 रन ही बना सकी।
भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता है। शनिवार को कारोजी स्पोर्ट्स पार्क में एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल मैच में भारत के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ 28 गेंदों में 61 रनों की तूफानी पारी खेली और टीम का स्कोर 6 विकेट पर 211 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
इस धमाकेदार पारी के दौरान अभिषेक ने कई रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने अपनी 61 रनों की पारी में सात छक्के लगाए। पारी के दूसरे छक्के के साथ ही उन्होंने T20 क्रिकेट में 400 छक्के पूरे कर लिए। अब उनके नाम कुल 405 छक्के हो गए हैं।
T20 क्रिकेट में सबसे तेज़ी से 400 छक्के लगाने के मामले में अभिषेक ने क्रिस गेल को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। गेल को 400 छक्के लगाने में 3,557 गेंदें लगी थीं, जबकि अभिषेक ने 3,513 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया। T20 क्रिकेट में सबसे तेजी से 400 छक्के लगाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल के नाम है, जिन्होंने 3,027 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
अभिषेक शर्मा ने अपनी 61 रनों की पारी के दौरान एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने एक कैलेंडर ईयर में सबसे तेजी से 100 छक्के लगाने के मामले में भी दूसरा स्थान हासिल किया। अभिषेक ने 651 गेंदों में 100 छक्कों का आंकड़ा छुआ और दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस और क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया।
एक साल में सबसे तेजी से 100 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी आंद्रे रसेल के नाम है। अभिषेक शर्मा ने आज दुनिया के बेहतरीन T20 ओपनर्स में से एक के तौर पर अपनी पहचान बना ली है। 6 जुलाई, 2024 को डेब्यू करने के बाद से उन्होंने 62 मैचों की 61 पारियों में 1,926 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं।