Aakash Chopra Picks Top 6 Indians Player 2027 World Cup: ICC वनडे विश्व कप 2027 का आगाज 2 अक्टूबर से होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट का आयोजन दक्षिण अफ्रीका जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होगा। साल 2023 के फाइनल में मिली हार की पीड़ा को मिटाने के लिए भारतीय टीम अभी से तैयारियों में जुटी गई है।
इस बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने आगामी वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया के टॉप-6 बल्लेबाजों का चयन किया है। दिलचस्प बात यह है कि आकाश को लगता है कि 2027 के वर्ल्ड कप में भी भारत का टॉप ऑर्डर ठीक वैसा ही होगा, जैसा 2023 में था।
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा कि, उन्हें आगामी टूर्नामेंट के टॉप-6 में कोई बदलाव नजर नहीं आता। उनके अनुसार, रोहित शर्मा और शुभमन गिल ही पारी की शुरुआत करेंगे। दोनों शानदार फॉर्म में हैं और उम्मीद है कि 2027 तक यह लय बरकरार रहेगी। वहीं, नंबर-3 की पोजीशन पर विराट कोहली खेलेंगे, जिनकी फॉर्म में गिरावट की कोई गुंजाइश नहीं दिखती।
नंबर-4 के लिए आकाश चोपड़ा ने श्रेयस अय्यर पर पूरा भरोसा जताया है। उन्होंने याद दिलाया कि अय्यर ने पिछले वनडे वर्ल्ड कप में 500 से अधिक रन बनाए थे और वह मौजूदा दौर के सर्वश्रेष्ठ मध्यक्रम बल्लेबाजों में से एक हैं।
नंबर-5 के लिए उन्होंने केएल राहुल को चुना। राहुल को दुनिया का सबसे बहुमुखी क्रिकेटर बताते हुए आकाश ने कहा कि वह टेस्ट में बेहतरीन डिफेंस, टी20 में बड़े शॉट्स और वनडे में फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाते हैं।
नंबर-6 के लिए आकाश चोपड़ा की पसंद हार्दिक पांड्या हैं। हालांकि, उन्होंने हार्दिक की फिटनेस पर सवाल भी उठाए। आईपीएल 2026 के बाद से अनफिट होने के कारण प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर चल रहे हार्दिक को लेकर आकाश ने कहा कि, हार्दिक इकलौते खिलाड़ी हैं जिनके पास वैसा स्किल सेट है। अगर वह फिट और उपलब्ध रहते हैं, तो नंबर-6 पर वही होंगे क्योंकि उन्होंने कभी खराब फॉर्म नहीं देखी।
आकाश चोपड़ा का मानना है कि बैकअप विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में ईशान किशन सबसे मजबूत दावेदार हैं। ईशान ओपनिंग और मिडिल ऑर्डर दोनों जगह खेल सकते हैं और उन्होंने एशियन गेम्स 2026 में 80 रनों की शानदार पारी भी खेली थी। हालांकि, बैकअप के तौर पर यशस्वी जायसवाल और ऋतुराज गायकवाड़ भी रेस में हैं, लेकिन विकेटकीपिंग विकल्प होने के कारण ईशान का पलड़ा भारी है।