हार्दिक पांड्या अभी वनडे में 10 ओवर के लिए भी फिट नहीं, गौतम गंभीर बोले- जल्दबाजी नहीं करेंगे

Hardik Pandya Fitness: भारतीय कोच गौतम गंभीर ने बताया कि हार्दिक पांड्या अभी वनडे में 10 ओवर गेंदबाजी के लिए फिट नहीं हैं, इसलिए उनके कमबैक में जल्दबाजी नहीं की जाएगी।
Gautam Gambhir Update On Hardik Pandya Fitness
गौतम गंभीर और हार्दिक पांड्या (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Gautam Gambhir Update On Hardik Pandya Fitness: भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की फिटनेस को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि हार्दिक अभी वनडे में अपने पूरे 10 ओवर गेंदबाजी करने के लिए फिट नहीं हैं। ऐसे में भारतीय टीम उन्हें जल्दबाजी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापस नहीं लाना चाहती।

गंभीर ने कहा कि हार्दिक ने आईपीएल के बाद से क्रिकेट नहीं खेला है और इस समय वो 10 ओवर गेंदबाजी करने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट शरीर पर काफी दबाव डालता है, इसलिए हार्दिक को जल्दबाजी में टीम में शामिल नहीं किया जाएगा।

नितीश रेड्डी को मिलेंगे ज्यादा मौके

हार्दिक की फिटनेस को देखते हुए नितीश कुमार रेड्डी को वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। उन्हें एशियन गेम्स की टीम से बाहर किया गया है।

गंभीर ने कहा कि नितीश के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने का मौका मिलना अच्छी बात है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर टीम के लिए अहम होंगे और हार्दिक के वापस आने के बाद भारत जरूरत के अनुसार दोनों खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन में खिला सकता है।

'नितीश की गेंदबाजी बड़ा प्लस पॉइंट'

नितीश चोट के कारण आयरलैंड, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे सीरीज का हिस्सा नहीं थे। अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में उन्होंने वापसी की और अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। वो इस सीरीज में भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। नितीश ने 3 मैचों में 6 विकेट लिए हैं, जिसमें दूसरे और तीसरे T20 में 3-3 विकेट शामिल हैं।

गौतम गंभीर ने नितीश की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि ये टीम के लिए बड़ा प्लस पॉइंट रही है। उन्होंने कहा कि टीम उन्हें ज्यादा से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैचों में गेंदबाजी करते हुए देखना चाहती है। गंभीर के मुताबिक, तेज गेंदबाजी करने और मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी कम हैं। नितीश जितनी ज्यादा गेंदबाजी करेंगे, उतने ही बेहतर होते जाएंगे।

Gautam Gambhir Update On Hardik Pandya Fitness
वैभव सूर्यवंशी को करना होगा मौके का इंतजार, गौतम गंभीर बोले- उम्र नहीं, प्रतिभा मायने रखती है

युवा खिलाड़ियों को मिलेगा मौका

गंभीर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज को युवा खिलाड़ियों के लिए मौका बताया। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में खेलने के कारण वनडे सीरीज से बाहर रहने वाले कई खिलाड़ी 2027 वनडे विश्व कप की तैयारी के लिहाज से सही स्थिति में नहीं थे। गंभीर ने कहा कि टीम के पास खिलाड़ियों का पूल जितना बड़ा होगा, उतना ही फायदा होगा।

उन्होंने ये भी कहा कि अलग-अलग चोटों के कारण खिलाड़ियों का पूरी सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं रहना उनके और वनडे कप्तान शुभमन गिल के लिए अच्छा नहीं रहा है। गंभीर ने कहा कि उनके लिए सबसे जरूरी है कि शुभमन को रेड बॉल और व्हाइट बॉल, दोनों फॉर्मेट में ज्यादा से ज्यादा बार मजबूत टीम और प्लेइंग इलेवन मिले।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com