Highlights
कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप के पहले सीजन में भारत ने किया कमाल
कबड्डी चैंपियनशिप के पहले ही सीजन में भारत ने रचा इतिहास
भारत की तरफ से पुरुष और महिला दोनों टीमों ने जीता गोल्ड मेडल
Commonwealth Kabaddi Championship: कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप के पहले ही सीजन में भारत ने इतिहास रचते हुए दोहरी सफलता हासिल की है। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबलों में भारतीय पुरुष और महिला दोनों ही टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया है।
जहां सुरजीत सिंह की कप्तानी वाली मेंस टीम ने श्रीलंका को एकतरफा मुकाबले में 54-20 से धूल चटाई, वहीं भारतीय महिला ब्रिगेड ने यूगांडा को 35-15 से हराकर देश की झोली में दूसरा सोना डाला। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा इस कदर रहा कि कोई भी टीम उनके सामने टिक नहीं सकी।
फाइनल मुकाबले में भारतीय पुरुष टीम की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। कप्तान सुरजीत सिंह की अगुवाई में टीम इंडिया ने पहले हाफ में ही 15-2 की विशाल बढ़त बना ली थी। मैच के शुरुआती 20 मिनटों में ही श्रीलंका का डिफेंस और रेडिंग डिपार्टमेंट पूरी तरह चरमरा गया और भारत 20 अंकों से आगे हो गया।
पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही भारतीय टीम को फाइनल में भी श्रीलंका की टीम कोई कड़ी चुनौती नहीं दे पाई और भारत ने 54-20 के बड़े अंतर से खिताबी जीत दर्ज की। जीत के बाद भारतीय जांबाजों ने तिरंगे के साथ मैदान पर 'लैप ऑफ ऑनर' किया।
पुरुष टीम की इस एकतरफा जीत में स्टार रेडर आदित्य शिंदे ने सबसे बड़ा योगदान दिया। उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए 6 टच पॉइंट्स समेत कुल 10 अंक हासिल किए। उनके अलावा भरत हुड्डा ने 8 और पंकज मोहिते ने 6 अंक बटोर कर श्रीलंकाई खेमे को पस्त कर दिया। वहीं डिफेंस की बात करें तो योगेश दहिया ने विरोधी रेडर्स पर कहर बरपाते हुए अकेले ही 5 टैकल पॉइंट्स अपनी झोली में डाले।
पुरुषों की तरह भारतीय महिला कबड्डी टीम ने भी फाइनल में शुरुआत से ही यूगांडा पर अपना शिकंजा कसे रखा। भारतीय वीमेंस टीम ने मैच में 20 रेड और 10 टैकल पॉइंट्स हासिल किए। भारत के लिए सबसे ज्यादा पॉइंट्स साक्षी ने बटोरे, जिन्होंने अपने 10 प्रयासों में 9 बेहतरीन पॉइंट्स अर्जित किए।
उनके अलावा अनु सेन ने 6 रेड पॉइंट्स स्कोर किए, जबकि निधि शर्मा ने शानदार बोनस पॉइंट्स लेकर यूगांडा की टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा। अंत में महिला टीम ने 35-15 के स्कोर से मैच और गोल्ड मेडल दोनों अपने नाम कर लिया।
टूर्नामेंट के पहले संस्करण के समापन के बाद मेडल टैली इस प्रकार रही।
पुरुष वर्ग
गोल्ड मेडल- भारत
सिल्वर मेडल- श्रीलंका
ब्रॉन्ज मेडल- केन्या और बांग्लादेश (संयुक्त रूप से)
महिला वर्ग
गोल्ड मेडल- भारत
सिल्वर मेडल- यूगांडा
ब्रॉन्ज मेडल- केन्या और श्रीलंका (संयुक्त रूप से)