Speed Skating World Championship : चीन में आयोजित स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में भारत के आनंदकुमार वेलकुमार ने नया इतिहास रच दिया है। 22 साल के आनंदकुमार वेलकुमार ने चैंपियनशिप सीरीज की मेन्स सीनियर की 1000 मीटर स्प्रिंट स्पर्धा में पहला स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आनंदकुमार वेलकुमार को बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर आनंदकुमार को बधाई देते हुए लिखा कि, 'स्पीड स्केटिंग विश्व चैंपियनशिप 2025 में सीनियर पुरुष 1000 मीटर स्प्रिंट में स्वर्ण पदक जीतने वाले आनंदकुमार वेलकुमार पर गर्व है। उनके धैर्य, गति और जोश ने उन्हें स्केटिंग में भारत का पहला विश्व चैंपियन बनाया है। उनकी उपलब्धि अनगिनत युवाओं को प्रेरित करेगी। उन्हें बधाई और भविष्य के सभी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।'
बता दें कि, आनंदकुमार वेलकुमार ने चीन के बेइदाइहे में जारी 'स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025' में सीनियर मेंस की 1000 मीटर स्प्रिंट रेस में 1:24.924 मिनट का समय लेकर पहला स्थान अपने नाम किया है। इससे पहले आनंदकुमार वेलकुमार ने ही 500 मीटर स्प्रिंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत को उसका पहला सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल दिलाया था। आनंदकुमार ने इसके लिए 43.072 सेकंड का समय लिया था।
जूनियर कैटेगरी में स्केटर कृष शर्मा ने भी 1,000 मीटर स्प्रिंट में गोल्ड जीता है। इस तरह भारत ने स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप के 1,000 मीटर स्प्रिंट में जूनियर और सीनियर, दोनों ही इवेंट का गोल्ड अपने नाम किया है। तमिलनाडु के रहने वाले आनंदकुमार वेलकुमार खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी होशियार हैं। उन्होंने कंप्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है।
ये भी पढ़ें : PM Modi @75: बच्चों की कलम रचेगी इतिहास, PM मोदी के जन्मदिन पर आयोजित होगा ड्रॉइंग कंपटीशन कार्यक्रम
आनंदकुमार वेलकुमार का 'स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025' में गोल्ड जीतना भारतीय खेलों के लिए ऐतिहासिक क्षण है। यह उपलब्धि न केवल भारत में स्पीड स्केटिंग जैसे कम लोकप्रिय खेल को पहचान दिलाएगी, बल्कि नई पीढ़ी को भी इस खेल में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। उनकी जीत युवाओं को न सिर्फ प्रेरणा देगी, बल्कि बताएगी कि अगर लगन सच्ची हो, तो हर मुकाम को हासिल किया जा सकता है।