Bollywood Actresses Second Marriage Choices: पड़ोसी ने हमसे कहा, 'निशानेबाज, फिल्म अभिनेत्रियां आम तौर पर सेकंड हैंड हस्बैंड पसंद करती हैं। जब काम कम मिलने लगता है और उम्र बढ़ने लगती है, तो वह तुरंत किसी ऐसे इंसान से शादी का प्लान बनाती हैं, जिसकी एक बीवी पहले से मौजूद हो। ऐसा क्यों होता है?'
हमने कहा, 'पसंद अपनी-अपनी और खयाल अपना-अपना। जिसकी जैसी मर्जी, वैसा करे! फिल्म अभिनेत्री सेकंड हैंड पति इसलिए चुनती हैं, क्योंकि वह अनुभवी व परिपक्व रहता है। उसे वैवाहिक जीवन की संक्रप्ट समझने की जरूरत नहीं पड़ती। यदि वह कोई खूसट प्रोड्यूसर-डायरेक्टर रहता है, तो टेक-रिटेक के चक्कर में पैकअप नहीं करता, बल्कि उसका शॉट ओके रहता है। उसकी दौलत पर हीरोइन की निगाह रहती है।'
पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, हमें यह फिल्मी सेट की भाषा समझ में नहीं आती। सीधे-सीधे बताइए कि खूबसूरत दिखने वाली हीरोइन अपनी अदाएं दिखाकर नए-नवेले कुंवारे युवक से शादी करने की बजाय किसी दुजवर से ब्याह क्यों रचाती है?'
हमने कहा, 'हीरोइन के लिए प्यार या रोमांस कोई नई या अनजानी चीज नहीं रहती। वह 3 शिफ्ट में काम करके एक ही दिन में 3 अलग-अलग हीरो से मोहब्बत करके दिखाती है। यह उसका धंधा या प्रोफेशन है। जब वह भरपूर पैसे कमा लेती है और उसे लगता है कि फिल्में फ्लॉप हो रही हैं तो वह घर बसाने की सोचती हैं।
तब उसे एक ऐसा जीवनसाथी चाहिए, जो अक्ल का अंधा और गांठ का पूरा हो। वह अधीर, उतावला या जलनखोर न हो। उसकी स्वच्छंद जिंदगी में कोई खलल न डाले और उससे ज्यादा पूछताछ न करे कि कहां जाती हो, किससे मिलती हो।
वह सिर्फ नाम का पति रहे और किसी तरह का हक न जताए, इसीलिए उसे सहनशील, आज्ञाकारी सेकंड हैंड पति पसंद आता है। हीरोइन की ऐसी शादी एक एडजस्टमेंट होती है, जिसमें पति चूं-चपड़ नहीं करता। वह हीरोइन के देर रात तक पार्टियों में रहने, पुरुष मित्रों से मिलने पर भूलकर भी एतराज नहीं करता।'
पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, हम समझ गए कि हीरोइन को पति के रूप में एक एंटीक या सजावटी वस्तु चाहिए जो उसका सेकंड हैंड पति ही हो सकता है।'
लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा