जलवायु परिवर्तन फोटो सोर्स- नवभारत डिजाइन
नवभारत विशेष

नवभारत विशेष: कॉप-31 में नहीं बनी सहमति, जीवाश्म ईंधन और जलवायु वित्त पर टकराव

Climate Change Talks: कॉप-31 में जीवाश्म ईंधन के इस्तेमाल और विकासशील देशों को जलवायु वित्त देने पर सहमति नहीं बन सकी। गहरे मतभेदों के चलते सम्मेलन व्यापक समझौते के बिना ही समाप्त हुआ।

अंकिता पटेल

Highlights:

  • कॉप-31 का आयोजन 9 से 20 नवंबर तक तुर्किये में हुआ।

  • जीवाश्म ईंधन के इस्तेमाल पर देशों में सहमति नहीं बनी।

  • जलवायु वित्त और विकासशील देशों की जिम्मेदारी पर भी मतभेद रहे।

  • पेरिस समझौते के 1.5 डिग्री तापमान लक्ष्य पर भी चुनौतियां बरकरार हैं।

Fossil Fuel Phase Out Dispute: संयुक्त राष्ट्र का 31वां जलवायु परिवर्तन सम्मेलन यानी कॉप-31 तुर्किये के अंताल्या शहर में 9 से 20 नवंबर तक आयोजित हुआ। हालांकि वार्ताओं में सहमति नहीं बनने के कारण दुनियाभर के देशों के प्रतिनिधियों को एक व्यापक समझौते के बिना ही लौटना पड़ा। सीएफसी गैसों के प्रमुख कारक जीवाश्म ईंधन से दूरी बनाने, जलवायु वित्त और विकासशील देशों की जिम्मेदारी जैसे सवालों पर हमेशा की तरह इस बार भी गहरे मतभेद इस सम्मेलन की असफलता का सबसे बड़ा कारण रहा।

कॉप का पूरा नाम 'कॉन्फ्रेंस ऑफ द पार्टीज' यानी 'पक्षकारों का सम्मेलन' है। इसका उद्देश्य वायुमंडल में ग्रीनहाउस गैसों की सांद्रता को ऐसे स्तर पर स्थिर करना है, जिससे जलवायु प्रणाली में खतरनाक मानवीय हस्तक्षेप को रोका जा सके। कॉप-31 की सबसे बड़ी विफलता जीवाश्म ईंधन पर किसी भी कीमत पर सहमति न बनना है। हर बार की तरह सबसे विवादास्पद मुद्दा जीवाश्म ईंधन ही था। कोयला, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस के इस्तेमाल को धीरे-धीरे समाप्त करने की स्पष्ट दिशा और समयबद्ध प्रतिबद्धता की मांग की जा रही थी।

जलवायु समझौते पर जीवाश्म ईंधन और वित्त को लेकर मतभेद

प्रस्तावित समझौते में जीवाश्म ईंधन से दूर जाने का स्पष्ट उल्लेख नहीं था। इससे यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, पनामा और कुछ छोटे द्वीपीय देशों ने असंतोष जताया। दूसरी ओर तेल उत्पादक और ऊर्जा के परंपरागत स्रोतों पर निर्भर देशों के हित भी वार्ताओं में महत्वपूर्ण रहे। दूसरा बड़ा विवाद जलवायु वित्त को लेकर था। विकासशील देशों का तर्क था कि जलवायु परिवर्तन के लिए ऐतिहासिक रूप से अधिक जिम्मेदार विकसित देशों को उत्सर्जन घटाने और जलवायु प्रभावों से निपटने के लिए अधिक आर्थिक सहायता देनी चाहिए, लेकिन वित्तीय सहायता की मात्रा, उसके स्रोत और जवाबदेही पर सहमति नहीं बन सकी।

जिस कारण पैक्ट को सर्वसम्मति नहीं मिली। पेरिस समझौते का सबसे चर्चित लक्ष्य वैश्विक औसत तापमान वृद्धि को औद्योगिक क्रांति से पहले के स्तर की तुलना में 2 डिग्री सेल्सियस से काफी नीचे रखना और इसे 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित करने के प्रयास करना है। औद्योगिक क्रांति के बाद कोयला, तेल और गैस के अत्यधिक इस्तेमाल ने वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड जैसी ग्रीनहाउस गैसों की मात्रा बढ़ाई है।

जलवायु लक्ष्य और विकास के बीच भारत के सामने दोहरी चुनौती

1.5 डिग्री का लक्ष्य केवल प्रतीकात्मक नहीं है। इसके पार जाने से हीटवेव, सूखा, समुद्र के जलस्तर में वृद्धि और चरम मौसमी घटनाओं के जोखिम बढ़ते हैं। छोटे द्वीपीय देशों और समुद्र तटीय आबादी के लिए यह अस्तित्व का सवाल है। लॉस एंड डैमेज फंड जलवायु परिवर्तन से होने वाली उन क्षतियों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था है, जिनसे केवल अनुकूलन उपायों के जरिए नहीं निपटा जा सकता।

सम्मेलन में अनुकूलन (एडॉप्शन फंड) और (जस्ट ट्रांजिशन वर्क प्रोग्राम) से संबंधित कुछ निर्णय स्वीकार किए गए। भारत के लिए जलवायु कूटनीति का प्रश्न दोहरी चुनौती है। एक ओर हम दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हैं और नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार की दिशा में काम कर रहे हैं। दूसरी ओर बिजली, उद्योग, परिवहन और विकास की बढ़ती जरूरतों के कारण कोयले पर हमारी निर्भरता अभी भी महत्वपूर्ण है। जलवायु परिवर्तन से निपटने की जिम्मेदारी सभी देशों की है, लेकिन उनकी ऐतिहासिक जिम्मेदारी और आर्थिक क्षमता के अनुसार प्रयासों में अंतर होना चाहिए।

फिर नाकाम हुआ जलवायु सम्मेलन

हमारे लिए सौर ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन, इलेट्रिक मोबिलिटी, ऊर्जा दक्षता और अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन इस दिशा में महत्वपूर्ण हैं। कॉप-31 की विफलता के बाद बड़ा सवाल है, अब आगे क्या? साफ लगता है कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के मामले में दुनिया गतिरुद्धता का शिकार हो गई है। अब निगाहें 2027 में इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में होने वाले कॉप-32 पर रहेंगी।

लेख- वीना गौतम के द्वारा

Weather Update: दक्षिण भारत में बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी; दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में कोहरे का अलर्ट

बांग्लादेश पर कब्जे की चेतावनी! हिंदुओं की हत्या पर भड़के बंगाल के मंत्री, बोले- 16 दिसंबर तक होगा हिसाब

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर नहीं जला दीप, पुलिस से भिड़े हिंदू संगठन

कहीं इंडिया गेट तो कहीं पवई झील के ऊपर दिखा चांद का जादू, 8 तस्वीरों में देखें Full Moon का नजारा

UP Politics: विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी की पहली सूची जारी, जानिए किस सीट से किसे मिला टिकट