उत्तर प्रदेश में सूप पीटकर लोकगीतों के जरिए देवताओं को जगाने की परंपरा निभाई जाती है।
राजस्थान में तुलसी और शालिग्राम का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कराया जाता है।
बिहार में अरिपन से आंगन और तुलसी चौरा सजाने की परंपरा प्रचलित है।
Dev Uthani Ekadashi Special Traditions:सनातन धर्म में तुलसी को बहुत ही पवित्र माना जाता है। भारतीय हिंदू घरों में इसकी पूजा रोजाना करने की परंपरा सदियों से चली से आ रही है। आज पूरे देश में तुलसी विवाह मनाया जा रहा है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि, तुलसी विवाह के दिन उत्तर प्रदेश में सूप पीटकर देवताओं को जगाने की लोक परंपरा निभाई जाती है, राजस्थान में तुलसी-शालिग्राम विवाह की रौनक देखने को मिलती है, जबकि बिहार में अरिपन और पारंपरिक गीतों से पूजा स्थल सजाया जाता है। आइए जानते हैं तीनों राज्यों की इन अनूठी परंपराओं के बारे में।
उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में देवउठनी एकादशी पर घर के आंगन में गेरू और खड़िया से पूजा के चित्र बनाए जाते हैं। इनमें भगवान विष्णु के चरण चिह्न भी शामिल होते हैं।
पूजा स्थल पर गन्ने से छोटा मंडप तैयार किया जाता है और मौसमी फल, सब्जियां तथा अन्य पूजन सामग्री रखी जाती है। कुछ क्षेत्रों में महिलाएं सूप को गन्ने से बजाते हुए 'उठो देव, बैठो देव' जैसे पारंपरिक गीत गाती हैं। इस रस्म को भगवान विष्णु के जागरण से जोड़कर देखा जाता है।
राजस्थान में इस पर्व को देवउठनी ग्यारस के नाम से भी जाना जाता है। यहां कई परिवारों में तुलसी विवाह को विशेष उत्साह के साथ मनाया जाता है। तुलसी के पौधे को चुनरी, फूलों और पारंपरिक आभूषणों से सजाकर दुल्हन का रूप दिया जाता है।
भगवान शालिग्राम को दूल्हे के रूप में स्थापित करके विवाह की रस्में निभाई जाती हैं। इस दौरान महिलाएं मंगल गीत गाती हैं और घर के आंगन में रंगोली बनाकर पूजा स्थल को सजाती हैं।
बिहार में देवठान के अवसर पर अरिपन बनाने की परंपरा विशेष रूप से प्रचलित है। अरिपन चावल के आटे या घोल से जमीन पर बनाई जाने वाली पारंपरिक आकृतियां हैं। इन्हें आंगन और तुलसी चौरा के आसपास बनाया जाता है।
कई घरों में भगवान विष्णु के चरण चिह्न भी अंकित किए जाते हैं, जिन्हें उनके आगमन का प्रतीक माना जाता है। पूजा के समय महिलाएं पारंपरिक मैथिली और अन्य लोकगीत गाती हैं। भगवान को गन्ना, सिंघाड़ा, शकरकंद और मौसमी फल अर्पित करने की परंपरा भी मिलती है।
उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार की इन रस्मों का तरीका भले ही अलग हो, लेकिन इनके पीछे श्रद्धा और भक्ति का भाव समान है। कहीं सूप की थाप से देवताओं का स्वागत होता है, तो कहीं तुलसी विवाह और अरिपन के जरिए उत्सव मनाया जाता है। ये परंपराएं धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्रीय लोकसंस्कृति, पारिवारिक एकता और पीढ़ियों से चली आ रही विरासत को भी जीवंत रखती हैं।