

Highlights:
देवउठनी एकादशी का व्रत 20 नवंबर 2026 को रखा जाएगा।
एकादशी पर चावल, तामसिक भोजन और तुलसी के पत्ते तोड़ने से बचने चाहिए।
भगवान विष्णु को पीले वस्त्र, तुलसी दल और हल्दी अर्पित करना शुभ माना जाता है।
तुलसी के पास दीपक जलाने और मंत्र जाप करने की परंपरा है।
देवउठनी एकादशी के साथ चातुर्मास समाप्त होता है, मांगलिक कार्यों की शुरु होती है
What To Avoid On Dev Uthani Ekadashi: हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। इसे देवोत्थान एकादशी और प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं और चातुर्मास का समापन होता है। इसके बाद विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है।
देवउठनी एकादशी पर भक्त भगवान विष्णु और माता तुलसी की पूजा करते हैं। कई स्थानों पर तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, एकादशी के दिन कुछ नियमों का पालन करना और विशेष उपाय करना शुभ माना जाता है।
हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर 2026 को सुबह लगभग 7:15 बजे शुरू होगी और 21 नवंबर को सुबह लगभग 6:31 बजे तक रहेगी। उदया तिथि और वैष्णव परंपरा के अनुसार व्रत की तारीख में अंतर हो सकता है। इसलिए व्रत रखने वाले श्रद्धालु अपने स्थानीय पंचांग के अनुसार तिथि और पारण का समय निर्धारित करें।
देवउठनी एकादशी वाले दिन इन कामो को करने से बचना चाहिए-
एकादशी के दिन व्रत रखने वाले श्रद्धालु चावल, मांस, मदिरा, प्याज और लहसुन जैसे तामसिक पदार्थों से दूर रहते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन सात्विक भोजन और फलाहार करना शुभ माना जाता है।
भगवान विष्णु की पूजा में तुलसी पत्र का विशेष महत्व है। लेकिन एकादशी के दिन तुलसी के पत्ते तोड़ना वर्जित माना जाता है। पूजा के लिए तुलसी दल एक दिन पहले तोड़कर रख सकते हैं या पहले से उपलब्ध पत्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
एकादशी के दिन क्रोध, कटु वचन, झगड़े और किसी का अपमान करने से बचना चाहिए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन मन, वचन और कर्म से शुद्ध रहने तथा जरूरतमंदों की सहायता करने से पुण्य प्राप्त होता है।
धार्मिक परंपराओं में पूजा और शुभ अवसरों पर पीले, लाल या अन्य शुभ रंगों के वस्त्र पहनना अच्छा माना जाता है। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु की पूजा के दौरान पीले वस्त्र धारण करना विशेष शुभ माना जाता है।
व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को दिन में सोने के बजाय भगवान विष्णु का स्मरण, भजन-कीर्तन और धार्मिक पाठ करने की सलाह दी जाती है। हालांकि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर आराम करना जरूरी है।
देवउठनी एकादशी पर माता तुलसी की पूजा का विशेष महत्व है। इस दिन श्रद्धालु तुलसी के पौधे के पास दीपक जलाकर परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।
धन और समृद्धि के लिए- देवउठनी एकादशी पर तुलसी के पौधे के पास घी का दीपक जलाएं और भगवान विष्णु की पूजा करें। धार्मिक मान्यता के अनुसार, तुलसी के पास दीपक जलाने और श्रद्धापूर्वक पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है।
सौभाग्य प्राप्ति के लिए- इस दिन माता तुलसी को लाल चुनरी अर्पित करें और भगवान विष्णु को नारियल चढ़ाएं। मान्यता है कि इससे सौभाग्य और सकारात्मकता में वृद्धि होती है।
घर में सुख-शांति के लिए- घर में कलह और अशांति दूर करने की कामना से भगवान विष्णु को पंजीरी और तुलसी दल का भोग लगाएं। इसके बाद परिवार के सदस्यों में प्रसाद वितरित करें। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इससे घर में सुख-शांति बनी रहती है।
आर्थिक उन्नति के लिए- भगवान विष्णु को हल्दी का तिलक लगाएं और तुलसी दल अर्पित करें। पूजा के दौरान 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह उपाय आर्थिक उन्नति और जीवन में शुभता के लिए किया जाता है।
वैवाहिक जीवन में सुख के लिए- देवउठनी एकादशी पर पति-पत्नी मिलकर भगवान विष्णु की पूजा करें। दक्षिणावर्ती शंख में जल भरकर भगवान को अर्पित करने की परंपरा भी है। मान्यता है कि इससे दांपत्य जीवन में प्रेम, सामंजस्य और सुख-शांति बनी रहती है।