भगवान शिव महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग (सोर्स- सोशल मीडिया)
धर्म

महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग: आखिर उज्जैन में ही क्यों विराजमान हुए भगवान शिव? जानें दूषण राक्षस की पौराणिक कथा

Mahakaleshwar Jyotirlinga: उज्जैन में भगवान शिव महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के रूप में क्यों विराजमान हुए? जानें शिव पुराण में वर्णित दूषण राक्षस, शिव भक्त वेदप्रिय और महाकाल के प्राकट्य की पौराणिक कथा।

स्निग्धा श्रीवास्तव

Highlights:

  • उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर का 12 ज्योतिर्लिंगों में विशेष स्थान है।

  • शिव पुराण की कोटिरुद्र संहिता में दूषण राक्षस की कथा मिलती है।

  • वेदप्रिय ब्राह्मण और उनके चार पुत्र भगवान शिव के परम भक्त थे।

  • भक्तों की रक्षा के लिए भगवान शिव ने महाकाल स्वरूप में प्राकट्य किया।

  • भक्तों की प्रार्थना पर उज्जैन में महाकाल ज्योतिर्लिंग के रूप में विराजे भगवान शिव।

Mahakaleshwar Jyotirlinga Story In Hindi: भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों में उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग का विशेष महत्व है। भगवान शिव के इस स्वरूप को महाकाल कहा जाता है, जिसका अर्थ है काल यानी समय और मृत्यु पर भी नियंत्रण रखने वाले देव। धार्मिक मान्यता है कि महाकाल के दर्शन और पूजा से भक्तों को भय, कष्ट और नकारात्मकता से मुक्ति मिलती है।

लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि भगवान शिव ने उज्जैन को ही अपने महाकाल स्वरूप के स्थायी निवास के रूप में क्यों चुना? इसके पीछे शिव पुराण में एक रोचक पौराणिक कथा का वर्णन मिलता है। आइए जानते है वह रोचक पौराणिक कथा-

प्राचीन अवंतिका नगरी में दूषण राक्षस का आतंक

शिव पुराण की कोटिरुद्र संहिता में वर्णित कथा के अनुसार, प्राचीन समय में उज्जैन को अवंतिका नगरी के नाम से जाना जाता था। यह नगरी धर्म, ज्ञान और साधना का प्रमुख केंद्र थी। इसी नगर में दूषण नाम का एक शक्तिशाली राक्षस रहता था।

कथा के अनुसार, दूषण ने ब्रह्मा जी से वरदान प्राप्त किया था, इस वरदान के कारण उसे अपनी शक्ति पर घमंड हो गया और वह खुद को अजेय समझने लगा। धीरे-धीरे उसने अवंतिका नगरी में आतंक फैलाना शुरू कर दिया। वह लोगों को धार्मिक कार्य करने से रोकता, यज्ञ और पूजा-पाठ में बाधा डालता और भगवान की भक्ति करने वालों को परेशान भी करता।

वेदप्रिय ब्राह्मण और उनके पुत्रों की अटूट शिव भक्ति

अवंतिका नगरी में वेदप्रिय नाम के एक धर्मपरायण ब्राह्मण रहते थे। उनके चार पुत्र भी भगवान शिव के परम भक्त थे। दूषण राक्षस के आतंक के बावजूद वेदप्रिय और उनके पुत्रों ने अपनी पूजा और साधना बंद नहीं की।

वे प्रतिदिन पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा करते थे। दूषण ने उन्हें कई बार डराने और पूजा छोड़ने के लिए मजबूर करने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी भक्ति पर अडिग रहे। उन्हें पूरा विश्वास था कि भगवान शिव अपने सच्चे भक्तों की रक्षा अवश्य करेंगे।

भगवान शिव ने एक हुंकार में किया राक्षस का अंत

एक दिन दूषण राक्षस अपनी सेना के साथ वेदप्रिय और उनके पुत्रों पर हमला करने पहुंच गया। उसने उन्हें पूजा बंद करने का आदेश दिया। जब शिव भक्तों ने उसकी बात मानने से इनकार कर दिया, तो वह क्रोधित होकर उन पर आक्रमण करने लगा।

इसी दौरान अचानक धरती में भयंकर गर्जना हुई। जिस स्थान पर भक्त पार्थिव शिवलिंग की पूजा कर रहे थे, वहां धरती फट गई और भगवान शिव अपने अत्यंत विशाल एवं रौद्र स्वरूप में प्रकट हुए। भगवान के इस भयंकर रूप को देखकर दूषण और उसकी सेना भयभीत हो गई। पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान शिव ने अपनी हुंकार से ही दूषण राक्षस और उसकी सेना को भस्म कर दिया।

भक्तों की प्रार्थना पर उज्जैन में महाकाल रूप में विराजमान हुए शिव

दूषण राक्षस का अंत करने के बाद भगवान शिव ने अपने भक्तों को दर्शन दिए। वेदप्रिय और उनके पुत्रों ने भगवान शिव से प्रार्थना की कि वे इसी स्थान पर हमेशा विराजमान रहें, ताकि भक्तों की रक्षा कर सकें और उन्हें अपने दर्शन का सौभाग्य मिलता रहे।

भक्तों की प्रार्थना स्वीकार करते हुए भगवान शिव अवंतिका नगरी में महाकाल ज्योतिर्लिंग के रूप में विराजमान हो गए। यही स्थान आज उज्जैन का प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर है।

क्यों कहलाते हैं भगवान शिव महाकाल?

महाकाल का अर्थ है काल के भी स्वामी। हिंदू धर्म की मान्यताओं में भगवान शिव को जन्म, मृत्यु और समय से परे माना जाता है। उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग को इसी शक्ति और स्वरूप का प्रतीक माना जाता है।

धार्मिक मान्यता है कि महाकाल अपने भक्तों को भय से मुक्ति और संकटों से लड़ने की शक्ति प्रदान करते हैं। यही वजह है कि देश-विदेश से श्रद्धालु उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन करते हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त करते है।

मुस्लिम छात्रा हिंदू युवक से करती थी प्यार, मेडिकल कॉलेज कैंपस से दिनदहाड़े हुई किडनैप; VIDEO हो रहा वायरल

Rajasthan Panchayat Election Result 2026: पंचायत चुनाव में कांग्रेस आगे, BJP को झटका; कई दिग्गज भी हारे

देश में चल रही 32 फर्जी यूनिवर्सिटी, दिल्ली टॉप पर; कहीं आप भी तो नहीं लेने जा रहे एडमिशन? ऐसे जांचें मान्यता

PM मोदी से मिले CM धामी, उत्तराखंड के लिए रखीं कई बड़ी मांगें; एक्सप्रेस-वे और परियोजनाओं के लिए मांगी मंजूरी

Cyclone Akvan Live: चक्रवात अकवान तट से टकराया, अलर्ट के बावजूद जगन्नाथ मंदिर पहुंचे श्रद्धालु