

Highlights:
देवउठनी एकादशी 20 नवंबर 2026 को मनाई जा रही है।
शाम के प्रदोष काल में भगवान विष्णु को जगाने की परंपरा है।
पूजा में घी का दीपक, तुलसी दल, पीले फूल और भोग अर्पित किए जाते हैं।
'उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द' मंत्र से भगवान विष्णु का आह्वान किया जाता है।
देवउठनी एकादशी से विवाह सहित मांगलिक कार्य शुरू हो जाते हैं।
Lord Vishnu Jagane ki Puja Vidhi: कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवउठनी एकादशी या देवोत्थान एकादशी कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को जगाने की परंपरा निभाई जाती है। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन होता है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है।
इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा के साथ शालिग्राम-तुलसी विवाह का भी विशेष महत्व है। आइए जानते हैं देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को जगाने का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और मंत्र।
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को जगाने के लिए प्रदोष काल को शुभ माना जाता है। 20 नवंबर 2026 को शाम 5:24 बजे से रात 8:05 बजे तक देव जगाने का शुभ मुहूर्त है। वहीं कुछ पंचांगों के अनुसार शाम 5:26 बजे से 5:52 बजे तक विशेष मुहूर्त रहेगा।
क्षेत्रीय परंपराओं के अनुसार सुबह या शाम देव जगाने की रस्म निभाई जाती है। ऐसे में श्रद्धालु अपने परिवार की परंपरा और स्थानीय पंचांग के अनुसार पूजा कर सकते हैं।
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को जगाने के लिए घर के आंगन या पूजा स्थल को साफ करके गेरू से रंगा जाता है। इसके बाद चावल या खड़िया से चौक बनाया जाता है और भगवान विष्णु के प्रतीकात्मक चरण घर के अंदर की ओर बनाए जाते हैं।
पूजा स्थल पर लाल कपड़ा बिछाकर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें।
घी का दीपक जलाएं और भगवान को चंदन, पीले फूल, अक्षत, फल, मिठाई और तुलसी दल अर्पित करें।
भगवान विष्णु के सामने शंख, घंटी, घड़ियाल या थाली बजाकर देव जगाने की परंपरा निभाएं।
'उठो देव, बैठो देव' जैसे पारंपरिक गीत गाएं और भगवान विष्णु के मंत्रों का जाप करें।
कुछ परंपराओं में भगवान के ऊपर रखी परात या डलिया को प्रतीकात्मक रूप से उठाकर देव जगाए जाते हैं।
अंत में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आरती करें तथा प्रसाद वितरित करें।
ध्यान रखें कि एकादशी के दिन तुलसी के पत्ते नहीं तोड़ने चाहिए। पूजा के लिए तुलसी पत्र एक दिन पहले ही तोड़कर रख लें।
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को योगनिद्रा से जगाने के लिए इस मंत्र का जाप किया जाता है।
मंत्र:
उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द उत्तिष्ठ गरुडध्वज।
उत्तिष्ठ कमलाकान्त त्रैलोक्यं मङ्गलं कुरु॥
मंत्र का अर्थ: हे गोविंद! हे गरुड़ध्वज! हे कमलाकांत! आप जागिए और उठिए। समस्त त्रिलोक का मंगल कीजिए। इस मंत्र का जाप करते हुए भगवान विष्णु का ध्यान करें और शंख व घंटी बजाकर उनका आह्वान करें।
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को जगाने के लिए कई जगह पारंपरिक लोकगीत और भजन गाए जाते हैं। इनमें 'उठो देव, बैठो देव' गीत प्रमुख है।
भजन के बोल:
उठो देव बैठो देव, पाटकली चटकाओ देव।
आषाढ़ में सोए देव, कार्तिक में जागे देव।
हाथ पैर फटकारी देव, अंगुलियां चटकाओ देव।
तुम पर फूल चढ़ाए देव, घी का दीया जलाए देव।
आओ देव पधारो देव, तुमको हम मनाएं देव।