IAS Tina Dabi Reel Star News: आईएएस टीना डाबी आए दिन सुर्खियों में रहती हैं। कभी फील्ड में उतरकर काम करने को लेकर तो कभी छात्रों के साथ बातचीत करके। कभी राष्ट्रपति से मेडल मिलने पर, कभी गलत आंकड़े पेश करने पर। अब वे फिर सुर्खियों में आ गई, जब राजस्थान के बाड़मेर कॉलेज के विद्यार्थियों ने उन्हें रोल मॉडल नहीं, बल्कि रील स्टार बता दिया। कॉलेज फीस कम करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने जब यह कहा कि कलेक्टर मैडम हमारी रोल मॉडल नहीं हैं, वे तो रील स्टार हैं। इतना कहने भर से बाड़मेर में विवाद हो गया।
एबीवीपी से जुड़े विद्यार्थी फीस कम करने की मांग को लेकर कॉलेज के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। सूचना मिलने पर एडीएम और एसडीएम मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने छात्र-छात्राओं को समझाते हुए कहा कि आपकी समस्याएं सुनी जाएंगी। यहां की कलेक्टर मैडम रोल मॉडल हैं। एसडीएम के यह कहने पर छात्रों ने कहा कि वो रोल मॉडल नहीं रील स्टार हैं। सफाई अभियान में रील बनाने पहुंच जाती हैं, लेकिन विद्यार्थियों की समस्याएं सुनने के लिए यहां नहीं आईं। यह भी कहा कि उनके लिए रोल मॉडल अहिल्याबाई होल्कर और रानी लक्ष्मी बाई हैं।
प्रदर्शन के दौरान कई छात्र नेता भी मौजूद थे। जब छात्रों ने कलेक्टर मैडम को रील स्टार बताया तो पुलिस ने छात्र नेताओं को पकड़ लिया। आधा दर्जन छात्रों को थाने ले गई। इसके बाद दर्जनों छात्राएं भी पीछे से पुलिस थाने पहुंच गई। उन सभी ने थाने का घेराव किया। छात्राओं ने पुलिस थाने के बाहर जमकर हंगामा किया। छात्राओं का कहना था कि फीस में अचानक तीन गुना बढ़ोतरी कर दी गई है। यह बिल्कुल गलत है। हम इसका विरोध जताते रहेंगे।
यह भी पढ़ें: ‘चार साल बाद मीटिंग समोसा खाने के लिए की है क्या?’, जब IAS टीना डाबी पर भड़क उठे सांसद-विधायक
बाड़मेर कोतवाली पुलिस की ओर से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े छात्र नेताओं को हिरासत में लेने पर हंगामा और ज्यादा बढ़ गया। मामला बढ़ता देखकर एसपी नरेंद्र सिंह खुद मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आक्रोशित छात्राओं को काफी समझाया। यह भी कहा कि हम मानते हैं, हमसे गलती हो गई। एसपी ने बड़प्पन दिखाते हुए मामला शांत करने का प्रयास किया। एसपी की ओर से गलती फील करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।