श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह गिरफ्तार सोर्स-सोशल मीडिया
राजस्थान

श्रीगंगानगर ब्लास्ट: प्यार और पैसों के जाल में फंसाकर ISI ने रची रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश, दो गिरफ्तार

Mahakdeep Kaur Arrest: श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, ISI एजेंट ने महिला को प्यार और पैसों का लालच देकर साजिश में शामिल किया।

करुणा नंद शाहवाल

Highlights:

  • श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह गिरफ्तार।

  • पुलिस के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे 'शाह' नाम के हैंडलर ने आरोपियों को IED उपलब्ध कराया।

  • जांच में सामने आया कि धमाके से पहले दो कोशिशें नाकाम हुई थीं।

Rajasthan Sri Ganganagar Railway Track Blast: राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे लाइन पर हुए विस्फोट की जांच में पाकिस्तान से जुड़े कथित नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, महकदीप इस साजिश की मुख्य आरोपी है।

आरोप है कि पाकिस्तान में बैठे ISI के एक एजेंट ने पहले उससे नजदीकियां बढ़ाईं और फिर पैसों का लालच देकर उसे रेलवे ट्रैक पर धमाका करने की योजना में शामिल कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को पाकिस्तान से निर्देश मिल रहे थे और विस्फोट के लिए IED भी उपलब्ध कराया गया था।

पाकिस्तान में बैठे 'शाह' और 'चाचा' के संपर्क में थी महकदीप

पुलिस पूछताछ में महकदीप कौर ने बताया कि उसका पति ड्रग्स से जुड़े मामले में जेल में बंद है और उसका तलाक हो चुका है। पूछताछ के दौरान उसने पाकिस्तान में रहने वाले 'शाह' और 'चाचा' नाम के दो लोगों के संपर्क में होने की बात भी बताई।

पुलिस के मुताबिक, 'शाह' और 'चाचा' उनकी असली पहचान नहीं, बल्कि कोड नेम हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि ये दोनों ISI से जुड़े एजेंट हैं। आरोप है कि इनमें से एक ने महकदीप को पहले प्रेम संबंध में उलझाया और बाद में आर्थिक लालच देकर अपने नेटवर्क के लिए काम करने को तैयार किया।

महिलाओं को निशाना बनाने का नया तरीका

वहीं जांच एजेंसियों का मानना है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI अब जासूसी और संदिग्ध गतिविधियों के लिए लोगों को फंसाने के नए तरीके अपना रही है। इसके तहत अकेली महिलाओं और युवतियों से पहले संपर्क बनाया जाता है। धीरे-धीरे भरोसा जीतने के बाद उन्हें पैसों का लालच देकर अपने नेटवर्क से जुड़े काम सौंपे जाते हैं।

राजस्थान में इससे पहले गंगापुर सिटी से बबीता नाम की महिला को भी गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में भी कथित तौर पर एक ISI एजेंट के प्रेमजाल में फंसाकर महिला से काम कराने की बात सामने आई थी

3 नवंबर को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर हुआ था धमाका

बता दें कि श्रीगंगानगर जिले में 3 नवंबर को गांव 50 जीबी के पास अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर विस्फोट हुआ था। धमाके की वजह से रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो से तीन स्लीपर टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए थे। विस्फोट का असर इतना तेज था कि स्लीपर के भीतर लगा सरिया बाहर निकल आया और पटरी को जोड़ने वाले क्लिप भी अपनी जगह से उखड़ गए।

बताया गया कि अनूपगढ़ से सूरतगढ़ जाने वाली ट्रेन के गुजरने के कुछ समय बाद यह घटना हुई थी। जांच के दौरान आशंका जताई गई कि अनूपगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन को निशाना बनाने की योजना थी। घटना की सूचना मिलते ही श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरि शंकर मौके पर पहुंचे और जांच के लिए जरूरी साक्ष्य जुटाए गए।

धमाके से पहले दो बार नाकाम हुई थी कोशिश

राजस्थान पुलिस के एडीजीपी दिनेश एमएन और एटीएस प्रमुख ने बताया कि महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह इस इलाके में तीन बार पहुंचे थे। इससे पहले धमाका करने की उनकी दो कोशिशें सफल नहीं हो पाई थीं। तीसरी बार उन्होंने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट किया।

अधिकारियों के अनुसार, जांच में ऐसे सबूत मिले हैं जो पाकिस्तान में बैठे 'शाह' नाम के कथित हैंडलर की भूमिका की ओर इशारा करते हैं। आरोप है कि उसी ने आरोपियों को IED मुहैया कराया और धमाके के लिए जगह भी बताई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने उसी के निर्देश पर विस्फोट को अंजाम दिया।

पाकिस्तान में बैठे नेटवर्क की भूमिका खंगाल रही एजेंसियां

दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां अब उनके संपर्कों और पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलरों के नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में और कौन लोग शामिल थे और आरोपियों तक विस्फोटक किस माध्यम से पहुंचाया गया।

रेलवे ट्रैक पर हुए इस विस्फोट को सुरक्षा के लिहाज से गंभीर घटना माना जा रहा है। जांच का मुख्य उद्देश्य इस साजिश से जुड़े पूरे नेटवर्क और ट्रेन को निशाना बनाने की योजना के पीछे शामिल लोगों की पहचान करना है।

Chhath Puja 2026 Live Updates: आज अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जा रहा अर्घ्य, घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

कीड़े-मकोड़ों से राहत और पक्के घर की सौगात, PM मोदी को यवतमाल के कृष्णा टेकाम ने सुनाई अपने नए घर की कहानी

छठ पूजा से ₹65,000 करोड़ की होगी कमाई! UP, बिहार-झारखंड समेत इन राज्यों की चमकेगी अर्थव्यवस्था

IndiGo की पुणे-गुवाहाटी फ्लाइट में तकनीकी खराबी, उड़ान भरने के बाद एयरपोर्ट लौटा विमान

सोनिया गांधी की किताब पर सियासी घमासान, दिल्ली में विमोचन पर जुटेंगे कई दिग्गज; राजनीतिक संदेश देने की तैयारी