Highlights:
कोटा में 22 वर्षीय NEET अभ्यर्थी अमन मीणा की हॉस्टल से गिरने के बाद मौत।
वह दोस्त से मिलने जवाहर नगर क्षेत्र के प्राइम टाइम रेजिडेंसी हॉस्टल गया था।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाल रही है।
NEET Aspirant Aman Meena Death: राजस्थान के कोटा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय NEET अभ्यर्थी अमन मीणा की मौत हो गई। वह जवाहर नगर थाना क्षेत्र स्थित एक हॉस्टल में अपने दोस्त से मिलने गया था। इसी दौरान वह इमारत की चौथी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 6:45 बजे कंट्रोल रूम को घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जानकारी में सामने आया कि अमन अपने दोस्त अभय से मिलने प्राइम टाइम रेजिडेंसी हॉस्टल गया था। वह दो-तीन महीने पहले तक इसी हॉस्टल में रहता था।
बताया जा रहा है कि हॉस्टल की चौथी मंजिल पर सीढ़ियों के पास बनी खिड़की से वह करीब 40 फीट नीचे गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान अमन की अपने पिता से बातचीत हुई थी। पिता के मुताबिक, बेटे ने उनसे कहा था कि उसे नहीं पता कि वह हॉस्टल से कैसे गिरा। अमन के पिता सेकेंड ग्रेड शिक्षक हैं।
उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद अमन कोटा आया था और 25 नवंबर को फोन पर उनकी उससे बात हुई थी। उस दौरान अमन ने कहा था कि रविवार को कोटा आएं तो उसके लिए रजाई लेते आएं। पिता के अनुसार, अमन को थोड़ा-बहुत बिजली का काम भी आता था। उन्हें बताया गया था कि हॉस्टल में मोटर ठीक करने के लिए उसे बुलाया गया था।
अमन मीणा कोटा जिले के इटावा क्षेत्र के दूधली गांव का रहने वाला था। वह करीब दो साल से कोटा में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रहा था। उसके चचेरे भाई सोनू ने बताया कि अमन पढ़ाई में अच्छा था और पहले भी इसी हॉस्टल में रह चुका था।
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुराग नहीं मिला है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आत्महत्या की आशंका सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जानकारी जुटा रही है कि अमन इन दिनों कहां रह रहा था और NEET की तैयारी ऑनलाइन कर रहा था या ऑफलाइन।