Ruckus Erupts Again In LPU: पंजाब के फागवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के छात्रों द्वारा एक बार फिर तोड़फोड़ और आगजनी की घटना सामने आई है। छात्रों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया है। मामले को लेकर पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है और आग पर काबू पाना का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि विश्वविद्यालय परिसर में एक बाहरी व्यक्ति द्वारा एक छात्रा के साथ कथित बलात्कार के विरोध में रविवार तड़के सुबह हुए प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने परिसर में संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, कुछ सामानों में आग लगा दी और विश्वविद्यालय के बाहर जालंधर-फागवारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया था।
सुबह मामला कुछ शांत हुआ फिर जैसे ही शाम हुई छात्र दोबारा आगजनी और तोड़फोड़ पर उतर आए हैं। सुबह पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने छात्रों को कड़ी कार्यवाही का आश्वासन दिया था। इस मामले में प्रदर्शन के बाद, पुलिस ने छात्रों के बयानों के आधार पर एक अज्ञात संदिग्ध के खिलाफ बलात्कार के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।
जालंधर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक नवीन सिंगला ने घटनास्थल का दौरा किया और प्रदर्शनकारी छात्रों से बात की। उन्होंने कहा, हम तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं। छात्र नेता और एलपीयू प्रबंधन छात्रों द्वारा उठाए गए मुद्दों को सुलझाने के लिए बैठक करेंगे।
डीआईजी ने छात्रों को आश्वासन दिया कि एफआईआर की एक प्रति उन्हें सौंप दी जाएगी और मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन करने का वादा किया है।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने मीडिया को दिए एक बयान में कहा कि वर्तमान में फैलाई जा रही अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है और छात्रों और आम जनता से आग्रह किया कि वे इन अफवाहों को आगे न बढ़ाएं।
छात्रों ने दावा किया कि कथित बलात्कार की घटना लगभग तीन दिन पहले हुई थी और विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें एफआईआर की प्रति नहीं सौंपी जाती, तब तक वे सड़के से नहीं हटेंगे।
विरोध प्रदर्शन के कारण यातायात बुरी तरह बाधित हुआ, जालंधर और लुधियाना दोनों तरफ से राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। राजमार्ग के दोनों ओर कई किलोमीटर लंबी गाड़ियों की कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस अवरोध के कारण दिल्ली-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों को भारी असुविधा हुई, कई स्थानों पर यातायात ठप हो गया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विश्वविद्यालय के लड़कों और लड़कियों के छात्रावासों के संचालन और सुरक्षा से संबंधित कई अन्य मांगें उठाईं।
सिंगला ने बताया कि इन मुद्दों पर चर्चा के लिए रविवार दोपहर विश्वविद्यालय प्रबंधन के साथ बैठक निर्धारित की गई है। पुलिस छात्रावासों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों की चिंताओं पर भी गौर करेगी।
छात्रों की एक मांग यह भी थी कि सभी महिला कर्मचारियों को लड़कियों के छात्रावास में तैनात किया जाए। डीआईजी ने कहा कि इस मांग पर भी विचार किया जाएगा।