संजय दत्त की बहन ने ज्वाइन की नीतीश कुमार की पार्टी, JDU ने SAD-SAS से गठबंधन कर पंजाब में बनाया नया मोर्चा

Punjab Politics: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले JDU ने SAD-Sri Anandpur Sahib से गठबंधन किया है। दोनों दलों ने सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी और संगठन विस्तार की बात कही है।
sanjay dutt sister mamta dutt joins jdu
संजय दत्त की बहन ने ज्वाइन की JDUSource- Social Media
Published on
Updated on

Punjab Election 2027: बिहार में बीजेपी के साथ सत्ता में सहयोगी जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अब पंजाब में भी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर JDU की पंजाब इकाई ने शिरोमणि अकाली दल श्री आनंदपुर साहिब (SADSAS) के साथ गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों दलों ने राज्य में साझा राजनीतिक मंच मजबूत करने और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने की बात कही है।

JDU पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष मलविंदर सिंह बेनीपाल और SADSAS के अध्यक्ष दविंदर सिंह तथा महासचिव गुरदर्शन सिंह ने गठबंधन की जानकारी दी। नेताओं के मुताबिक, दोनों पार्टियां मिलकर संगठन का विस्तार करेंगी और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां करेंगी।

पंजाब की सभी 117 सीटों पर उतरने की तैयारी

गठबंधन ने पंजाब विधानसभा की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का ऐलान किया है। दोनों दल साझा कार्यक्रमों के जरिए राज्यभर में संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर अपनी मौजूदगी बढ़ाने की योजना पर काम करेंगे।

JDU के मुताबिक, पार्टी का खास फोकस माझा, दोआबा, लुधियाना, जीटी रोड और राजपुरा-पटियाला बेल्ट पर रहेगा। राज्य और जिला स्तर की टीमें आने वाले समय में जनसंपर्क अभियान और चुनावी गतिविधियां तेज करेंगी।

ममता दत्त ने JDU का दामन थामा

गठबंधन के ऐलान के साथ ही ममता दत्त के JDU में शामिल होने की भी जानकारी दी गई। ममता दत्त दिवंगत अभिनेता और कांग्रेस नेता सुनील दत्त की भतीजी और संजय दत्त की चचेरी बहन हैं। वह कॉरपोरेट क्षेत्र में काम कर चुकी हैं और पिछले करीब एक दशक से पशु कल्याण एवं सामाजिक कार्यों से जुड़ी रही हैं। वह दत्त फाउंडेशन फॉर सोशल वेलफेयर की संस्थापक हैं।

JDU में शामिल होने के बाद ममता दत्त ने कहा कि समाज में सार्थक बदलाव के लिए सक्रिय भागीदारी और सेवा जरूरी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक कल्याण के काम ने उन्हें करुणा और जिम्मेदारी का महत्व समझाया है और वह JDU के साथ मिलकर इन मूल्यों को आगे बढ़ाना चाहती हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता देविंदर राजपूत भी JDU में शामिल

ममता दत्त के अलावा पटियाला क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता और अधिवक्ता देविंदर राजपूत ने भी JDU की सदस्यता ली। राजपूत ने पिछले पंजाब विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था।

संगठन विस्तार पर जोर

JDU पंजाब की बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ संगठन को बूथ और गांव स्तर तक मजबूत करने पर चर्चा हुई। पार्टी की राज्य और जिला इकाइयों को जनसंपर्क अभियान चलाने और चुनाव से जुड़ी गतिविधियों को तेज करने की जिम्मेदारी दी गई है।

इस दौरान JDU पंजाब के महासचिव (संगठन) संजीव कुमार, राहुल घई, गुरपाल सिंह हुंदल, राजनदीप सिंह मक्कड़, इंद्रजीत सिंह अहलूवालिया और जसपाल सिंह ‘टाइगर’ समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। SADSAS की ओर से दीदार सिंह सहोरा सहित अन्य नेता भी बैठक में शामिल हुए।

sanjay dutt sister mamta dutt joins jdu
चुनाव से पहले मान सरकार का मास्टर स्ट्रोक! पंजाब में सरकारी कर्मचारियों के DA में 8 फीसदी की बढ़ोत्तरी

2027 से पहले पंजाब में नए राजनीतिक समीकरण

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले JDU और SADSAS का यह गठबंधन राज्य की राजनीति में एक नया राजनीतिक समीकरण सामने लाता है। दोनों दलों ने फिलहाल संगठन विस्तार और साझा मुद्दों पर काम करने पर जोर दिया है। चुनाव में सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों को लेकर आगे क्या रणनीति होगी, इसकी विस्तृत तस्वीर अभी सामने आनी बाकी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com