Lovely Professional University Violence: पंजाब में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के छात्रों ने कैंपस में तोड़फोड़ और आगजनी की। यह विरोध प्रदर्शन एक छात्रा के साथ कथित तौर पर रेप और सुसाइड से मौत की अफवाह फैलने के बाद हुआ। विरोध प्रदर्शन शनिवार देर रात शुरू हुआ और आज सुबह तक जारी रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात है।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के छात्रों के प्रदर्शन के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में छात्रों का एक समूह नारे लगाते और इंसाफ की मांग करते हुए विरोध करते दिखाई दे रहा है। जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शन जल्द ही हिंसक हो गया क्योंकि कुछ छात्रों ने कैंपस के अंदर खिड़कियों के शीशे और गमलों को नुकसान पहुंचाया। यूनिवर्सिटी बिल्डिंग के कुछ हिस्सों सहित कुछ चीजों में भी आग लगा दी गई। छात्रों के प्रदर्शन के चलते जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे पर जाम लग गया।
छात्रों का विरोध प्रदर्शन जल्द ही यूनिवर्सिटी कैंपस से बाहर आ गया। छात्रों के एक समूह ने जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे को ब्लॉक कर दिया, जिससे भारी ट्रैफिक जाम हो गया। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए कैंपस और आसपास के इलाके में अतिरिक्त जवानों को तैनात किया है।
प्रदर्शन में शामिल एक छात्र ने बताया कि कैंपस में एक कंस्ट्रक्शन वर्कर ने एक छात्रा के साथ रेप किया, जिसके बाद यूनिवर्सिटी अधिकारियों ने उसे घर भेज दिया। उसकी साथी ने फिर दूसरे छात्रों को बताया कि लड़की ने आत्महत्या कर लिया है। इसके बाद छात्रों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने यूनिवर्सिटी कैंपस में विरोध प्रदर्शन करते हुए तोड़फोड़ की।
छात्रों ने आरोप लगाया कि शुरू में विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण था। हालांकि, जब यूनिवर्सिटी के गेट खुले, तो कुछ और लोग, जो यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं थे, कैंपस में आ गए और हंगामा करने लगे। उन्होंने कैंपस में तोड़फोड़ की। लेकिन इसके बावजूद अधिकारियों ने मैसेज भेजा कि सब कुछ अफवाह है।
पंजाब पुलिस के एक जवान ने बताया कि 3-4 दिन पहले एक छात्रा ने आत्महत्या की थी। उन्होंने कहा कि छात्रा के माता-पिता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। छात्रों का कहना है कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं दी गई थी। जबकि रेप के दावे को लेकर उन्होंने कहा कि अभी कुछ स्पष्ट नहीं है। उन्होंने बताया कि पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।