Odisha Minor Girl Burnt Alive: ओडिशा के पुरी जिले में एक नाबालिग लड़की को कुछ लोगों ने आग लगा के जिंदा जलाने का प्रयास किया है। पुरी जिले में हुई इस घटना में लड़की को तीन अज्ञात लोगों ने पैट्रोल डालकर जला दिया। यह घटना उस समय हुई जब लड़की अपनी सहेली के घर जा रही थी। शुरुआत में किशोरी को पुरी के ही पिपिली अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उसकी हालत बिगड़ने पर तत्काल एम्स भुवनेश्वर के लिए रेफर किया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, यह लड़की 40 प्रतिशत तक जल चुकी है। हालांकि, अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ओडिशा में एक कॉलेज छात्रा ने खुद को आग लगा ली थी। उसने एचओडी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। अब पुरी जिले के एक गांव में उस समय सनसनी फैल गई कि 15 वर्षीय नाबालिग लड़की पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जलाने की कोशिश की गई। हमले के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और घायल लड़की को अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की का 70% शरीर जल चुका है और उसका इलाज चल रहा है। उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने भी सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।
लड़की की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स भुवनेश्वर रेफर कर दिया गया है। उप मुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और घोषणा की कि सरकार पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी। उन्होंने पुलिस को आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।
किशोरी के भाई ने क्या कहा नाबालिग के भाई का कहना है, "मेरी बहन सुबह कुछ किताबें लेकर अपनी सहेली के घर जा रही थी। रास्ते में 3 लोगों ने उसका अपहरण कर लिया। उन्होंने नदी के पास वाले इलाके में ले जाकर उसे पेट्रोल डालकर जला दिया। लोगों ने मेरी बहन की मदद की और हमें बुलाया। हमले को घर से 500 मीटर दूर अंजाम दिया गया। हमें नहीं पता कि हमला क्यों हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। लड़की का अभी इलाज चल रहा है।" नाबालिग को भुवनेश्वर के एम्स अस्पताल में रेफर किया जा चुका है।
उपमुख्यमंत्री प्रावती परिदा ने एक पोस्ट में कहा, "बलंगा इलाके में कुछ बदमाशों द्वारा सड़क पर पेट्रोल डालकर 15 साल की एक लड़की को आग लगाने की खबर सुनकर मैं दुखी और स्तब्ध हूँ। लड़की को तुरंत भुवनेश्वर के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसके इलाज की सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सभी चिकित्सा खर्च सरकार द्वारा वहन किए जाएँगे। पुलिस प्रशासन को दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।"
बीएड छात्रा ने भी किया था आत्मदाह, अस्पताल में हारी जंग
ओडिशा में यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब कुछ दिन पहले कॉलेज में एचओडी की प्रताड़ना से तंग आकर एक छात्रा ने खुद को आग लगा ली थी, जिसकी भुवनेश्वर के एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। 20 वर्षीय छात्रा बीएड की पढ़ाई कर रही थी। कथित यौन उत्पीड़न से परेशान होकर उसने आत्मदाह कर लिया था। बताया गया कि छात्रा ने अपने एचओडी के खिलाफ कई बार शिकायत की थी, लेकिन कॉलेज प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।