Debashish Samantaray Joins BJP: पूर्व बीजेडी नेता देबाशीष सामंतराय आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। देबाशीष ने बीजेडी पर अपमानित किए जाने का आरोप लगाते हुए पार्टी से त्यागपत्र दिया था। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर भी साझा की थी। वहीं, बीजद छोड़ने और BJP में शामिल होने पर बीजद ने देबाशीष पर स्वार्थी होने का आरोप लगाया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में सरकार बनाने के करीब तीन हफ्ते बाद ही बीजद को तगड़ा झटका लगा है।
मंगलवार को प्रमुख बीजद नेता के बीजेपी में शामिल होने पर भाजपा प्रवक्ता और उत्तराखंड से लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉराम एक्स पर पोस्ट किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि आज सुबह 11 बजे नई दिल्ली स्थित BJP के केंद्रीय कार्यालय में एक जानी-मानी हस्ती BJP में शामिल होगी। बलूनी के पोस्ट के बाद बंगाल से ओडिशा तक राजनीतिक हलचल तेज हो गई।
भाजपा से नई सियासी पारी की शुरुआत करने जा रहे देबाशीष सामंतराय ने एक्स पोस्ट के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए लिखा था कि बीजू जनता दल के अध्यक्ष को मेरा त्यागपत्र पत्र। पार्टी की स्थापना से लेकर आज तक, मैं अपनी सेवा, संगठन और समर्पण की नीति के अनुसार कार्य करता रहा हूं। भविष्य में भी, मैं ओडिशा की जनता के लिए अपना संघर्ष जारी रखूंगा। जय जगन्नाथ।
त्यागपत्र में उन्होंने लिखा, मैं आज, यानी 25 मई, 2026 को BJD की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा देता हूं। राज्यसभा के लिए मुझे नामित करने हेतु मैं सदैव आपका ऋणी रहूंगा। मैं इस अवसर का लाभ उठाते हुए, अविभाजित कटक जिले के लोगों की सेवा करने और राष्ट्रीय स्तर पर समग्र रूप से ओडिशा से जुड़े मुद्दों को उठाने का अवसर प्रदान करने के लिए, आपके प्रति अपनी हार्दिक और गहरी कृतज्ञता व्यक्त करता हूं।
उन्होंने लिखा, मैंने हमेशा खुद को पार्टी के हितों के लिए समर्पित रखा है और पिछले कई वर्षों से, पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ पार्टी के लिए काम किया है। हालांकि, मुझे ऐसा महसूस हो रहा है कि हाल के दिनों में, पार्टी के भीतर मुझे सुनियोजित तरीके से कमजोर और अपमानित किया जा रहा है और अब पार्टी को मेरी सेवाओं की आवश्यकता नहीं है। इसलिए, मैंने जनहित में यह कठिन निर्णय लिया है और आपसे अनुरोध करता हूं कि कृपया मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लें।
ये भी पढ़ें- कोलकाता एयरपोर्ट मस्जिद पर जमीयत उलेमा की दोटूक, बोले- मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की राय के बिना कुछ नहीं
देबाशीष सामंतराय ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के बेहद करीबी नेताओं में गिना जाता है। इस दिग्गज नेता के पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने पर बीजद को भारी झटका लगा है। सामंतराय के पार्टी छोड़ने के बाद राज्यसभा में अब बीजद पार्टी की संख्या घटकर 5 हो गई है। 25 मई, 2026 उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके बीजेडी की प्राथमिक सदस्यता और अपने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा देने की जानकारी दी।