मुंबई: कंगना रनौत की फिल्म इमरजेंसी पर सेंसर बोर्ड कड़ा रुख अपनाए हुए है लेकिन अब दिलजीत दोसांझ की अपकमिंग फिल्म 'पंजाब 95' को लेकर भी सेंसर बोर्ड का हथौड़ा चलता हुआ दिखाई दे रहा है। रिव्यू कमेटी ने फिल्म में 35 कट और जोड़ दिए हैं, जबकि पहले ही फिल्म पर 85 कट की तलवार लटकी हुई थी। फिल्म में कट की कुल संख्या अब बढ़कर अब 120 पहुंच गई है। आइए जानते हैं किस विषय पर बनी है ये फिल्म और इस फिल्म को लेकर सेंसर बोर्ड ने कड़ा रुख क्यों अपनाया है।
जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर आधारित यह फिल्म शुरुआत से ही विवादों में रही। पहले इस फिल्म का नाम घुल्लूघारा रखा गया था लेकिन बाद में विवाद के चलते मेकर्स ने इसका नाम बदलकर 'पंजाब 95' रख दिया है। खबर के मुताबिक सेंसर बोर्ड को फिल्म के टाइटल से भी दिक्कत है और टाइटल भी बदलने को कहा गया है। सेंसर बोर्ड ने पहले ही इस फिल्म में 85 कट लगाए थे। लेकिन मेकर्स के विरोध करने पर इसे रिव्यू कमेटी के पास भेजा गया। रिव्यू कमेटी ने फिल्म में 35 कट और बढ़ा दिए हैं, यानी अब फिल्म में लगने वाले कट की संख्या बढ़कर 120 हो गई है।
ये भी पढ़ें- चंकी पांडे ने सलमान खान को फ्री में दी थी जींस
मिड डे ने अपनी रिपोर्ट में बताया है की फिल्म में जहां भी पंजाब और तरनतारन जिले का जिक्र है उसे हटाने की बात कही गई है। सेंसर बोर्ड की कमेटी ने फिल्म के टाइटल पर भी आपत्ति जताई है और कहा है कि यह पंजाब के कुछ लोगों के भावनाओं को आहत करने वाला टाइटल है।
पंजाब 95 जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर आधारित
दिलजीत दोसांझ की अपकमिंग फिल्म 'पंजाब 95' जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर आधारित है। जिनकी संदिग्ध अवस्था में मौत हुई थी। पुलिस ने पहले तो इसे आत्महत्या बात कर मामले को रफा दफा कर दिया। लेकिन जब उनकी पत्नी परमजीत कौर ने हत्या और अपहरण के साजिश का मामला दर्ज करवाया तो इस मामले की फिर से जांच हुई और उसे जांच में पुलिस के 6 अधिकारी खालरा के अपहरण और हत्या के दोषी पाए गए जिन्हें 7 साल की सजा भी सुनाई गई। दरअसल जसवंत सिंह खालरा अमृतसर के बैंक के डायरेक्टर थे, जो 1995 में अचानक लापता हो गए थे बाद में उनकी लाश बरामद हुई थी, जिसे पुलिस ने आत्महत्या करार दिया था।
पिछले काफी समय से यह फिल्म सेंसर बोर्ड के फैसले का इंतजार कर रही है। फिल्म की कहानी सेंसिटिव है इसके रिलीज होने पर लोगों की भावनाएं आहत हो सकती है, यह आशंका सेंसर बोर्ड ने जताई है और यही कारण है कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कई सीन को हटाने और कई सीन को बदलने का आदेश दिया है। अब ऐसे में देखना यह होगा की मेकर्स अब आगे क्या कदम उठाते हैं।