Highlights:
यवतमाल जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसद संजय देशमुख निर्विरोध निर्वाचित हुए।
भाजपा के नितिन भुतड़ा और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के विजय जाधव को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैंक के इतिहास में पहली बार दो उपाध्यक्ष पदों पर नियुक्तियां की गई हैं।
Yavatmal District Cooperative Bank: यवतमाल जिले की आर्थिक जीवनरेखा मानी जाने वाली यवतमाल जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव का इंतजार आखिरकार समाप्त हो गया है। बैंक के अध्यक्ष पद पर शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसद संजय देशमुख का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।
वहीं, बैंक के इतिहास में पहली बार दो उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा के नितिन भुतड़ा और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के विजय जाधव को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चुनाव के बाद आज आयोजित विशेष सभा में इन नियुक्तियों पर आधिकारिक मुहर लगाई गई। करीब 25 वर्षों बाद कांग्रेस के हाथों से बैंक की सत्ता छीनकर महायुति के 'बलिराजा सहकार पैनल ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। सत्ता के बंटवारे के तय फॉर्मूले के अनुसार महायुति ने के तीनों घटक दलों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। दिग्रस तहसील गुट से बैंक संचालक निर्वाचित हुए सांसद संजय देशमुख को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिली है।
पालकमंत्री संजय राठौड़ के मार्गदर्शन में शिवसेना ने इस चुनाव में सर्वाधिक सीटें हासिल की थीं। इसी के चलते अध्यक्ष पद शिवसेना के खाते में गया। महायुति के नेताओं ने विश्वास जताया कि सांसद संजय देशमुख के अनुभव का लाभ बैंक को मिलेगा। बैंक में दो उपाध्यक्ष पदों के माध्यम से महायुति के अन्य दोनों घटक दलों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। महागांव तहसील गुट से निर्वाचित भाजपा के नितिन भूतड़ा को भाजपा कोटे से उपाध्यक्ष बनाया गया है। उन्हें युवा और अध्ययनशील नेतृत्व के रूप में देखा जाता है।
यवतमाल जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक में कुल 25 संचालक पदों के लिए हुए चुनाव में महायुति के बलिराजा सहकार पैनल ने 16 सीटों पर जीत हासिल कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया था। वहीं, महाविकास आधाड़ी के शेतकरी सहकार पैनल को नौ सीटों पर संतोष करना पड़ा था। इस परिणाम के साथ ही करीब 25 वर्षों से बैंक पर कायम कांग्रेस के प्रभाव का अंत हुआ और महायुति ने बैंक में अपना वर्चस्व स्थापित किया।