रेल लाइन की प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स-AI) 
यवतमाल

Yavatmal-Arni-Mahur-Kinwat Railway Line की मांग तेज, किसानों से लेकर विद्यार्थियों तक सबकी उम्मीदें जुड़ीं

Yavatmal-Arni-Mahur-Kinwat Railway line को मंजूरी दिलाने की मांग तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और पर्यटन क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा।

अनन्या तिवारी

Yavatmal-Arni-Mahur-Kinwat Railway Line Development Project:  यवतमाल, आर्णी, माहूर और किनवट जैसे बड़े क्षेत्र आज भी सीधे रेल नेटवर्क से नहीं जुड़े हैं। ऐसे में प्रस्तावित यवतमाल-आर्णी-माहूर-किनवट रेलमार्ग को मंजूरी देने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ रही है। स्थानीय नागरिकों, रेल कृती समिति और विभिन्न सामाजिक संगठनों का मानना है कि यह परियोजना क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन विकास की दिशा बदल सकती है।

कुछ दिन पहले तक यह मांग केवल एक प्रस्ताव थी, लेकिन अब यवतमाल-आर्णी-माहूर-किनवट रेलमार्ग की मांग धीरे-धीरे जनआंदोलन का रूप लेती नजर आ रही है। रेल कृती समिति का कहना है कि रेल केवल लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का माध्यम नहीं होती, बल्कि यह किसी भी क्षेत्र की आर्थिक प्रगति और सामाजिक बदलाव की आधारशिला बनती है। लंबे समय से रेल संपर्क से वंचित इस इलाके के लिए यह रेलमार्ग विकास के नए द्वार खोल सकता है।

किसानों को मिलेगा सबसे बड़ा लाभ

यवतमाल और आर्णी क्षेत्र कपास, तुअर और सोयाबीन उत्पादन के लिए पूरे महाराष्ट्र में पहचाना जाता हैं। हर साल हजारों टन कृषि उपज यहां से विभिन्न बाजारों तक पहुंचाई जाती है, लेकिन रेल सुविधा नहीं होने के कारण किसानों को महंगे सड़क परिवहन पर निर्भर रहना पड़ता है। समिति का दावा है कि रेलमार्ग बनने के बाद परिवहन लागत में 40 से 50 प्रतिशत तक कमी आ सकती है। इससे किसानों को बेहतर दाम मिलने की संभावना बढ़ेगी और उनका माल सीधे मुंबई, नागपुर सहित अन्य बड़े बाजारों तक आसानी से पहुंच सकेगा।

पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को मिलेगी नई गति

नांदेड जिले का माहूर स्थित मां रेणुकादेवी मंदिर देश के प्रमुख शक्तिपीठों में गिना जाता है। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। दूसरी ओर किनवट क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़ियों और झरनों के कारण पर्यटन की अपार संभावनाएं रखता है। रेल संपर्क उपलब्ध होने पर धार्मिक पर्यटन और प्राकृतिक पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर होटल, परिवहन, छोटे व्यापार और अन्य सेवा क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

आदिवासी क्षेत्र के विकास में मिलेगी मदद

किनवट तहसील आदिवासी बहुल और अपेक्षाकृत दुर्गम क्षेत्र माना जाता है। यहां के युवाओं को उच्च शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि रेलमार्ग बनने से न केवल उनकी आवाजाही आसान होगी, बल्कि क्षेत्र में निवेश और विकास की नई संभावनाएं भी पैदा होंगी।

उद्योगों को मिलेगा नया आधार

यवतमाल जिले में एमआईडीसी क्षेत्र का विस्तार हो रहा है, जबकि आर्णी में भी औद्योगिक विकास की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उद्योगों के लिए कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों की ढुलाई सबसे बड़ी चुनौती होती है। रेल संपर्क मिलने से परिवहन सुविधाएं बेहतर होंगी, जिससे नए उद्योगों को निवेश के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी गति मिलेगी।

विदर्भ, मराठवाड़ा और तेलंगाना को जोड़ेगा रेलमार्ग

प्रस्तावित रेलमार्ग की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह विदर्भ, मराठवाड़ा और तेलंगाना के बीच सीधा संपर्क स्थापित कर सकता है। इससे नागपुर और हैदराबाद के बीच यात्रा दूरी और समय दोनों में कमी आने की संभावना है।

स्थानीय व्यापारियों का मानना है कि बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

यह भी पढ़ें :

जनआंदोलन का रूप ले रही मांग

रेल कृती समिति के सदस्य अजाबराव बुटले का कहना है कि स्वतंत्रता के 78 वर्ष बाद भी यह क्षेत्र रेल सुविधा से वंचित है। उन्होंने लोगों से अपने जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देने, गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने और सोशल मीडिया पर #YavatmalKinwatRailway अभियान को समर्थन देने की अपील की है। उनका कहना है कि अब समय आ गया है कि इस क्षेत्र के साथ लंबे समय से चली आ रही बुनियादी ढांचे की असमानता को समाप्त किया जाए और रेलमार्ग को मंजूरी दी जाए।

किशोर रावते, आर्णी का कहना है कि रेलमार्ग बनने के बाद नागपुर हैदराबाद रेल यात्रा आसान होगी। इससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

जाफर शेख, आर्णी के अनुसार आर्णी, यवतमाल, किनवट, आदिलाबाद और हैदराबाद के बीच कृषि व्यापार की बड़ी संभावनाएं हैं। रेलमार्ग बनने से किसान कम लागत में बड़ी मात्रा में कृषि उत्पाद बाजार तक पहुंचा सकेंगे।

वहीं गणेश हिरोले, उपाध्यक्ष, रेल कृती समिति आर्णी का कहना है कि यह किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक दल की मांग नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास का मुद्दा है। उनका विश्वास है कि जनता की एकजुटता और बढ़ते समर्थन के बल पर यह रेलमार्ग एक दिन जरूर मंजूर होगा।

Japan Delegation Varanasi: 109 सदस्यीय जापानी प्रतिनिधिमंडल पहुंचा काशी, निवेश और संस्कृति को मिलेगी नई उड़ान

आज की ताजा खबर 21 अगस्त LIVE: पुलिस ने मानी धरने पर बैठे राहुल गांधी की मांग, पेलेट गन केस में दर्ज हो रही FIR

आरक्षण और UGC नियमों के खिलाफ जंतर-मंतर पहुंचे हजारों लोग, उठी आर्थिक आधार पर बदलाव की मांग

योगी आदित्यनाथ को फ्री हैंड, विधानसभा चुनाव में खुद बांटेंगे टिकट; 2024 में मिली हार के बाद पार्टी का फैसला

तेजस्वान, दिव्यास्त्र और बैलेस्टिक तकनीक... यूपी-जापान मीट में दिखी ‘मेक इन इंडिया’ की ताकत