Woman Killed In Yavatmal: यवतमाल जिले के दारव्हा तहसील अंतर्गत आनेवाले लाडखेड थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर इलाके में 1 अक्टूबर की रात एक दि ल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पुरानी रंजिश और प्रेम संबंध के विवाद को लेकर एक युवक ने तलवार और लाठी-डंडों से हमला कर एक 48 वर्षीय महिला की हत्या कर दी, जबकि उसकी 30 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है।
लाडखेड स्थित इंदिरा नगर निवासी फरियादी शिवा दिलीप साठे (33 वर्ष) द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी सद्दाम उर्फ तसवर खान तैमूर खान (35) का फरियादी की मौसेरी बहन सोनू उर्फ शुभांगी सरकटे (30) के साथ प्रेम संबंध था। सोनू कुछ समय से आरोपी सद्दाम के साथ रह रही थी, जहां उनके बीच विवाद हुआ था। 1 अक्टूबर की सुबह सोनू अपनी मां कांताबाई सहदेवराव तेलंगे (48 वर्ष) के घर आ गई थी। फरियादी के मुताबिक, रात लगभग 9:30 से 10 बजे के बीच अचानक बाहर चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। जब वह बाहर आया, तो आरोपी सद्दाम खान हाथ में तलवार लिए खड़ा था।
उसने कांताबाई के पेट और गर्दन पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। लहूलुहान कांताबाई अपनी जान बचाने के लिए भागीं, लेकिन थोड़ी दूर जाकर गिर पड़ीं। इसके बाद आरोपी ने सोनू सरकटे के सिर पर लकड़ी के डंडे से जोरदार हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे शिवा साठे को भी आरोपी ने धक्का देकर गिरा दिया। जान के डर से फरियादी पास ही स्थित रमेश गायकवाड़ के तबेले में छिप गया और अंदर से कुंडी लगा ली। उसने दरवाजे की दरार से देखा कि आरोपी सदाम लगातार सोनू के सिर पर डंडे से वार कर रहा था।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सदाम खान ने फरियादी शिवा और उसकी मामी दुर्गा गायकवाड़ को धमकी दी कि अगर बीच में आए तो जान से मार डालूंगा। आरोपी के जाने के बाद जब लोग बाहर आए, तब तक अत्यधिक खून बह जाने के कारण कांताबाई तेलंगे की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
वहीं, सोनू सरकटे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। पुलिस कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही लाडखेड पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। फरियादी शिवा साठे के बयान के आधार पर आरोपी सदाम उर्फ तसवर खान के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार आरोपी की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।