Highlights:
वर्धा जिले में 28 सितंबर से 31 अक्टूबर तक चले विशेष अभियान में कुल 13,40,356 नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई।
जांच के दौरान 9,551 संदिग्ध मरीज मिले, जिनमें से 182 लोगों में कुष्ठ रोग पाया गया।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मिले सभी 182 मरीजों का तत्काल उपचार शुरू कर दिया गया है।
Wardha Health Department: वर्धा जिले में कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 28 सितंबर से 31 अक्टूबर तक विशेष कुष्ठ रोगी खोज अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आशा स्वयंसेविकाओं और पुरुष स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की। अभियान में कुल 13 लाख 40 हजार 356 नागरिकों की जांच की गई। इसमें 9 हजार 551 संदिग्ध मरीज मिले, जिनमें से 182 लोगों में कुष्ठ रोग की पुष्टि हुई है।
यह जानकारी स्वास्थ्य सेवा के सहायक संचालक (कुष्ठ रोग) ने दी। शहरी क्षेत्रों में आर्वी में 3, देवली में 4, हिंगणघाट में 7, कारंजा में 3, पुलगांव में 5, समुद्रपुर में 1 सेलू में 1 तथा वर्धा शहर में 11 नए मरीज मिले हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में वर्धा तहसील में 32, हिंगणघाट में 17, समुद्रपुर में 24, सेलू में 21, आर्वी में 10, देवली में 14, आष्टी में 17 तथा कारंजा में 11 मरीजों का पता चला है। सभी 182 मरीजों का तत्काल उपचार शुरू कर दिया गया है।
साथ ही मरीजों के संपर्क में रहने वाले 5 हजार 336 लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए प्रतिबंधात्मक दवाएं दी गई हैं। इस अभियान में जिले की सभी स्वास्थ्य इकाइयों के साथ गांधी मेमोरियल लेप्रसी फाउंडेशन, सरस्वती नर्सिंग कॉलेज पुलगांव तथा जनता नर्सिंग कॉलेज हिंगणघाट के विद्यार्थियों ने भी सहभाग लिया अभियान के प्रभावी संचालन और निगरानी के लिए स्वास्थ्य सहायकों, स्वास्थ्य सेवकों कुष्ठ रोग तकनीशियनों, पर्यवेक्षकों तथा जिल स्तरीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने योगदान दिया।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि कुष्ठ रोग किसी शाप या पूर्वजन्म के पाप के कारण नहीं होता, बल्कि यह कुष्ठ जीवाणु से होने वाला रोग है। समय पर पहचान और नियमित दवा लेने से यह बीमारी पूरी तरह ठीक हो सकती है।
इसलिए लक्षण दिखाई देने पर बिना किसी संकोच के नजदीकी अस्पताल में जांच करानी चाहिए, यह अपील जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. स्वप्नील बेले, जिला शल्य चिकित्सक डॉ. राजसिंह पवार तथा कुष्ठ रोग सहायक संचालक डॉ. रा.ज. पराडकर ने की है।
शरीर पर हल्के या लाल रंग के सुन्न धब्बे, त्वचा पर गांठें, लंबे समय तक ठीक न होने वाले दर्दरहित घाव, कान की पालियों का मोटा होना, भौंहों के बाल झड़ना, नाक का आकार दबना, नसों में सूजन या दर्द, हाथ-पैरों में लगातार झनझनाहट, कमजोरी, हाथ से वस्तुएं गिरना तथा पैर से चप्पल निकल जाना कुष्ठ रोग के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में जांच करानी चाहिए।