Highlights:
वर्धा जिले के किन्हाला गांव में ग्राम पंचायत कार्यालय नियमित रूप से नहीं खुलने से ग्रामीणों को सरकारी कामकाज के लिए परेशानी हो रही है।
पानी की सप्लाई संभालने वाले कर्मचारी का कई महीनों का वेतन बकाया होने के कारण उसने जलापूर्ति बंद कर दी है।
घर टैक्स और पानी पट्टी जमा करने के लिए ग्रामीणों को बार-बार कार्यालय जाना पड़ रहा है, लेकिन उन्हें निराश लौटना पड़ता है।
Wardha Kinhala Gram Panchayat: आष्टी-शहीद तहसील से महज आठ किलोमीटर दूर स्थित किन्हाला ग्राम पंचायत का कामकाज इन दिनों रामभरोसे चल रहा है। पिछले छह माह से ग्राम पंचायत कार्यालय नियमित रूप से बंद रहने और ग्राम पंचायत अधिकारी के गांव में नहीं पहुंचने से ग्रामीणों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारी आखिर कहां रहते हैं, यह सवाल ग्रामीणों द्वारा उठाया जा रहा है। गांव में पेयजल आपूर्ति की जिम्मेदारी संभालने वाले कर्मचारी का वेतन पिछले कई महीनों से बकाया है।
इसके चलते कर्मचारी ने पानी की आपूर्ति बंद कर दी है। परिणामस्वरूप ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत अधिकारी अक्षय काकपुरे से इस संबंध में पूछताछ करने पर उन्होंने ग्राम पंचायत के पास निधि उपलब्ध नहीं होने की बात कही। इस मामले में पूर्व ग्राम पंचायत सदस्य प्रदीप पाथरे ने भी नाराजगी जताते हुए अधिकारी से जवाब मांगा।
उन्होंने बताया कि पिछले छह माह से कार्यालय लगातार बंद रहता है। घर टैक्स और पानी पट्टी जमा करने के लिए कई बार कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें निराश लौटना पड़ता है। अधिकारी को फोन करने पर भी प्रतिसाद नहीं मिलता। ग्रामीणों ने कार्यालय नियमित शुरू करने, बकाया वेतन देने और जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर ग्राम पंचायत प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
ग्राम पंचायत अधिकारी अक्षय काकपुरे ने बताया कि ग्राम पंचायत के पास निधि उपलब्ध नहीं होने से समस्याएं उत्पन्न हुई हैं।
पंचायत समिति आष्टी में काम के सिलसिले में उन्हें प्रतिदिन जाना पड़ता है। ऐसे में उनके लापता रहने का सवाल ही नहीं उठता।
कार्यालय बंद रहने, पेयजल आपूर्ति ठप होने और कर्मचारियों का वेतन बकाया रहने से ग्रामीणों में रोष है।