Wardha Police Raid: वर्धा शहर थाना क्षेत्र में चोरी-छिपे संचालित किए जा रहे एक बड़े जुआ अड्डे पर पुलिस ने अचानक छापा मारकर बड़ी सफलता हासिल की है। डीबी (DB) स्क्वॉड की इस कार्रवाई में ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे 13 जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में वाहन, मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की है, जिसकी कुल कीमत 9 लाख 12 हजार 400 रुपये आंकी गई है।
शहर पुलिस स्टेशन की डीबी टीम के पुलिस उपनिरीक्षक शरद गायकवाड़ को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक ठिकाने पर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को अचानक सामने देख जुआरियों में हड़कंप मच गया और उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर सभी 13 आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान पुलिस ने 6 दोपहिया वाहन, 2 ऑटो रिक्शा, 12 मोबाइल फोन और 22,400 रुपये नकद जब्त किए।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 13 आरोपियों को हिरासत में लेकर वर्धा शहर थाने में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सतीश हुके, राकेश उर्फ रमेश शंके, प्रमोद वाघडे, सूरज चढ़े, मयूर हिंगडे, संदेश भूम, सुशील वानी, प्रणय हलवे, सुनील ससहार, तेजस रंगारी, अजय हुके, निलेश मस्कुडे और तेजस आंगे के रूप में हुई है।
यह पूरी कार्रवाई वर्धा के पुलिस अधीक्षक सौरभकुमार अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुनील महाडीक तथा शहर थानेदार नागेशकुमार चतरकर के कुशल मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। कार्रवाई को अमलीजामा पहनाने में पीएसआई शरद गायकवाड़, पुलिस हवलदार राजेंद्र हाडके, पुलिसकर्मी राजेश डाळ, चेतन दुबे, संतोष इघारे और अभिषेक मते की मुख्य भूमिका रही।