Highlights:
वर्धा जिले के हिंगनघाट शहर में दिवाली के दौरान अलग-अलग स्थानों पर आग लगने से हड़कंप मच गया।
बिडकर कॉलेज परिसर में जमा कचरे में पटाखों की चिंगारी से आग लग गई।
माता मंदिर परिसर स्थित मकान, प्रवीण बरेहा के घर के फ्रिज और विनोद भवन स्थित पैसिफिक क्रिकेट क्लब की व्यायामशाला में बिजली के शॉर्टसर्किट से आग लगी।
Hinganghat Diwali Fire: दीपावली के उत्साह के बीच हिंगनघाट शहर में अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की चार घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं से शहर में हड़कंप मच गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, एक स्थान पर पटाखों के कारण आग लगी, जबकि अन्य तीन घटनाएं बिजली का शॉर्टसर्किट के चलते हुई। इन हादसों में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, दमकल दल की तत्परता से चारों स्थानों पर आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और बड़ा अनर्थ टल गया। जानकारी के अनुसार, बिडकर कॉलेज परिसर में जमा कचरे में पटाखों की चिंगारी से आग लग गई।
वहीं, माता मंदिर परिसर स्थित एक मकान में विद्युत शॉर्टसर्किट के कारण आग लगने से घर का काफी नुकसान हुआ। इसके अलावा प्रवीण बरेहा के घर में फ्रिज में शॉर्टसर्किट होने से आग लग गई। इसी तरह विनोद भवन स्थित पैसिफिक क्रिकेट क्लब के व्यायामशाला में भी शॉर्टसर्किट के कारण आग लगने की घटना सामने आई।
घटनाओं की जानकारी मिलते ही नगरपालिका हिंगनघाट के अग्निशमन दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। अग्निशमन दल के अधिकारी गौरव गणार के मार्गदर्शन में सुनील डोलस, कृष्णा डबले, ओम लडी, किशोर समर्थ और अमित सहारे ने तत्परता दिखाते हुए चारों स्थानों पर आग पर नियंत्रण पाया।
दीपावली के दौरान हुई इन घटनाओं ने विद्युत उपकरणों की सुरक्षा और पटाखे जलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर किया है। विशेषकर घरों में फ्रिज सहित अन्य विद्युत उपकरणों में शॉर्टसर्किट से आग लगने की घटनाओं को देखते हुए नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है। अग्निशमन दल की मुस्तैदी की नागरिकों ने सराहना की है।