Fire Safety: दिवाली पर पुणे अग्निशमन विभाग अलर्ट, अफसरों की छुट्टियां रद्द; पटाखे जलाने के लिए सख्त गाइडलाइन

Pune Diwali Fire Safety Guidelines: दिवाली पर सुरक्षा के लिए पुणे अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड पर। अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर पटाखे जलाने के दिशा-निर्देश जारी किए गए, 5 साल में आग की 178 घटनाएं हुईं।
Pune Diwali Fire Safety Guidelines Fire Brigade Alert
दिवाली पर अग्नि सुरक्षा के दिशानिर्देश(सोर्स: एआई)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • दिवाली के दौरान आग की घटनाएं रोकने के लिए अधिकारियों और जवानों की छुट्टियां रद्द की गई हैं।

  • खुले मैदान में पटाखे जलाएं, बच्चों को अकेला न छोड़ें और अधजले पटाखों को दोबारा जलाने से बचें।

  • आग लगने पर 101 या 020-26451707 पर संपर्क करें। आपदा प्रबंधन के लिए भी हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।

Pune Fire Brigade Alert: दिवाली का त्योहार सुरक्षित और आनंदपूर्वक मनाने के लिए पुणे महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग ने नागरिकों के लिए पटाखे जलाने और उनके भंडारण को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

त्योहार के दौरान आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग के सभी अधिकारियों और जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। पूरा दमकल विभाग अलर्ट मोड पर रखा गया है। यह जानकारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी गणेश सोनुने ने दी। दिवाली के दौरान बाजारों, रिहायशी इलाकों और सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं।

ऐसे में पटाखे जलाते समय थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए अग्निशमन विभाग ने नागरिकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

भीड़भाड़ वाले इलाकों में पटाखे जलाने से बचें

विभाग के अनुसार, पटाखे केवल खुले मैदानों में ही जलाए जाने चाहिए। भीड़भाड़ वाले स्थानों, संकरी गलियों, कचरे के ढेर के पास और बिजली के ट्रांसफॉर्मर अथवा डीपी के नजदीक पटाखे जलाने से बचना चाहिए। छोटे बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला न छोड़ें। माता-पिता की प्रत्यक्ष निगरानी में ही बच्चे पटाखे जलाएं।

पटाखे जलाते समय नायलॉन के कपड़े पहनने और पटाखों को जेब में रखने से भी बचने की सलाह दी गई है। पटाखे जलाने वाली जगह पर पानी से भरी बाल्टी और कंबल तैयार रखना जरूरी है, ताकि आग लगने या जलने की स्थिति में तत्काल बचाव किया जा सके। इस्तेमाल किए गए पटाखों को पानी में डालकर बुझाना चाहिए। अधजले पटाखों को दोबारा जलाने या उन्हें हाथ लगाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।

हाथ में पटाखे जलाना खतरनाक

अग्निशमन विभाग ने डिब्बे, बंद बॉक्स या मटके में पटाखे रखकर जलाने को खतरनाक बताया है। पटाखे दूसरे लोगों की ओर या वाहनों के पास फेंकने से भी दुर्घटना हो सकती है। हाथ में पकड़कर पटाखे जलाने से गंभीर चोट लगने का खतरा रहता है। नागरिकों से इन सभी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की गई है।

Pune Diwali Fire Safety Guidelines Fire Brigade Alert
Marina Project: दुबई की तर्ज पर मुंबई में बनेगा मरीना बीच, 15 दिसंबर तक जमा कर सकेंगे टेंडर की बोली

पांच साल में आग की 178 घटनाएं

पटाखों से संबंधित आग की घटनाओं के आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2021 में 21, वर्ष 2022 में 19, वर्ष 2023 में 35, वर्ष 2024 में 60 और वर्ष 2025 में 43 घटनाएं दर्ज की गईं। इस तरह पांच वर्षों में कुल 178 घटनाएं सामने आईं। वर्ष 2024 में घटनाओं की संख्या सर्वाधिक रही।

Pune Diwali Fire Safety Guidelines Fire Brigade Alert
OC होने के बावजूद सोसायटी की दीवार तोड़ी? ठाणे के बदलापुर में नगर परिषद की कार्रवाई पर नागरिकों के सवाल

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

आग लगने या किसी आपात स्थिति में नागरिक अग्निशमन विभाग के नियंत्रण कक्ष के नंबर 101, 020-26451707, 9689935558 और 9689935556 पर संपर्क कर सकते हैं। पुणे जिला आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के नंबर 020-25501269 और 020-25506800 भी उपलब्ध हैं।

- नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com