Thane School Bus Driver Drunk Driving Check News: ठाणे शहर पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने एवं नशे की हालत में स्कूल बस चलाने वाले ड्राइवरों के खिलाफ मुहिम शुरु की है।
पुलिस उपायुक्त पंकज शिरसाट के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस ने ठाणे पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र अंतर्गत 93 स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 366 ड्राइवरों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट किया गया। इसके तहत अंबरनाथ के एक निजी स्कूल के शराबी बस ड्राइवर के खिलाफ एक्शन लिया गया।
ट्रैफिक पुलिस ने चेतावनी दी है कि शराब पीकर स्कूल बस चलाने वाले ड्राइवरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस की तरफ से कहा गया है कि शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले ड्राइवरों से दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। इसी तरह, शराब पीकर स्कूल वाहन चलाने वाले ड्राइवर विद्यार्थियों की जान खतरे में डाल रहे हैं।
इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को ठाणे पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र के करीब 93 स्कूलों का सरप्राइज विजिट किया। सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच चलाए गए इस विशेष अभियान में 370 बसों की जांच की गई।
इसमें बैज, यूनिफॉर्म, गाड़ियों का पीयूसी, इंश्योरेंस के साथ-साथ बसों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए गए। साथ ही, कुल 366 ड्राइवरों का ड्रंक ड्राइविंग के लिए टेस्ट किया गया। इसमें देखा गया कि अंबरनाथ वेस्ट में फादर एंजेल स्कूल का बस ड्राइवर शराब पीकर गाड़ी चला रहा था। बस ड्राइवर का नाम बाबा मंजरी (उम्र 26) है और उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
स्कूल बस ड्राइवरों का शराब पीकर गाड़ी चलाना बहुत खतरनाक है। स्कूलों को अपने ड्राइवरों का रोजाना या कम से कम हफ्ते में एक बार 'ब्रेथ एनालाइजर' से टेस्ट करना चाहिए। ऐसे ड्राइवरों के खिलाफ केस दर्ज किए जाएंगे जो विद्यार्थियों की जान को खतरे में डालते हैं, - पंकज शिरसाट, पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक)
ये भी पढ़ें :- मध्य रेल का विशेष ट्रैफिक ब्लॉक 23 जून को, दिवा-ठाणे मार्ग पर ट्रेनों के समय और रूट में बदलाव
यदि स्कूल बस ड्राइवर का व्यवहार संदिग्ध हो या शराब पीने का शक हो, तो बच्चों को गाड़ी में न बैठाएं। अगर ड्राइवर का गलत व्यवहार पाया जाता है, तो तुरंत स्कूल प्रशासन पुलिस को 112 पर शिकायत करनी चाहिए।