Highlights:
ठाणे की मुंब्रा पुलिस और अन्न व औषधि प्रशासन (FDA) ने संयुक्त कार्रवाई कर 58 किलो नकली घी जब्त किया।
वीर सावरकर नगर स्थित एक फ्लैट में नकली घी तैयार किए जाने की गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापा मारा।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी वनस्पति घी और पाम ऑयल मिलाकर नकली घी बना रहा था।
Thane Fake Ghee Racket: जहां एक तरफ पूरा देश दिवाली के पर्व को हर्षोल्लास के साथ मना रहा है, वहीं दूसरी तरफ आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। ठाणे के मुंब्रा पुलिस ने अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) के साथ मिलकर एक संयुक्त और त्वरित कार्रवाई करते हुए ऐन दिवाली पर बिकने जा रहा 58 किलो नकली घी का स्टॉक जब्त कर लिया है। इस मामले में मनोज साहू (55) नामक व्यापारी को हिरासत में लिया गया है।
मुंब्रा पुलिस स्टेशन के एंटी-नारकोटिक्स सेल की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। पुलिस को मिली थी नकली घी तैयार करने की जानकारी इसी दौरान पुलिस कांस्टेबल नवनाथ थोरवे को एक गुप्त सूचना मिली कि मुंब्रा के वीर सावरकर नगर स्थित एक फ्लैट में धड़ल्ले से नकली घी तैयार किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अन्न व औषधि प्रशासन के अधिकारियों को साथ लिया और तुरंत उस फ्लैट पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान मौके पर जो सच सामने आया, उसने सबको चौंका दिया। आरोपी इस नकली घी को बनाने के लिए वनस्पति घी और पाम ऑयल खतरनाक तरीके से मिला रहे थे। मौके से 58 किलो नकली घी और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई, जिसे एफडीए के अधिकारियों ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी मनोज साहू ने कबूल किया कि उसने यह मिलावटी स्टॉक दिवाली के बाजार में बेचने के लिए ही तैयार किया था। मुंब्रा पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह गहराई से जांच कर रही है कि आरोपी ने इस मिलावटी और खतरनाक घी को इससे पहले कहां-कहां और कितनी मात्रा में बेचा था, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य चेहरों को 'भी बेनकाब किया जा सके।