Highlights:
ठाणे के वर्तकनगर स्थित मनपा के कोरस हॉस्पिटल में कई महीनों से लिफ्ट बंद होने के कारण मरीजों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।
अस्पताल में लिफ्ट की सुविधा नहीं मिलने और समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज एक दिव्यांग मरीज लिफ्ट के बाहर धरने पर बैठ गया।
लिफ्ट बंद होने से दिव्यांग व्यक्तियों के साथ गर्भवती महिलाओं और बुजुर्ग मरीजों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
Thane Korus Hospital: यहां वर्तकनगर स्थित मनपा के कोरस हॉस्पिटल में लिफ्ट बंद होने की समस्या अब मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। आरोप है कि लिफ्ट बंद रहने से गर्भवती महिलाओं, दिव्यांग व्यक्तियों और बुजुर्गों को अस्पताल के ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज एक दिव्यांग व्यक्ति को आखिरकार लिफ्ट के बाहर धरने पर बैठना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार इन अस्पताल की लिफ्ट महीनों से बंद है। बताया गया था कि मरीजों को स्ट्रेचर के माध्यम से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचाने के लिए कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि जरूरतमंद मरीज को समय पर सहायता नहीं मिली तो उनकी क्या स्थिति होगी? इसी तरह सोमवार को अस्पताल आए एक दिव्यांग मरीज को ऊपरी मंजिल तक जाने की कोई व्यवस्था नहीं थी। लिफ्ट के बाहर धरने पर बैठे व्यक्ति को तत्काल सहायता नहीं मिली तो वे धरने पर बैठ गए।
ठाणे मनपा के चिकित्सा अधिकारी प्रसाद पाटील ने तीन से चार महीने के भीतर लिफ्ट शुरू होने का आश्वासन दिया था। लेकिन लिफ्ट अब तक शुरू नहीं हो सकी। अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़े, यह चिंता का विषय है। खासकर दिव्यांग और बुजुर्ग मरीजों के लिए सुगम पहुंच केवल सुविधा नहीं, बल्कि सम्मानजनक चिकित्सा सेवा का अहम हिस्सा है। अब सवाल यह है कि मरीजों की इस परेशानी का समाधान कब होगा और जिम्मेदार प्रशासन इस दिशा में ठोस कदम कब उठाएगा?