Highlights:
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत ठाणे के म्हातार्डी में बनने वाले स्टेशन के आसपास 478 हेक्टेयर क्षेत्र का एकीकृत विकास होगा।
विकास योजना में ठाणे महानगरपालिका क्षेत्र के 218 हेक्टेयर और कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका क्षेत्र के 260 हेक्टेयर हिस्से को शामिल किया जाएगा।
ठाणे के म्हातार्डी, दातिवली, बेतवडे और आगासन सहित KDMC क्षेत्र के कई गांवों के हिस्सों का भी विकास योजना में समावेश होगा।
Thane Integrated Development Plan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अति महत्वाकांक्षी मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत ठाणे में बनने वाले हाई-स्पीड रेलवे स्टेशन के परिसर के विकास की प्रक्रिया एक बार फिर तेज हो गई है। ठाणे महानगरपालिका ने स्टेशन के आसपास के कुल 478 हेक्टेयर क्षेत्र का एकीकृत (इंटीग्रेटेड) विकास प्रारूप तैयार करने की गतिविधियां शुरू कर दी हैं।
इस महत्वाकांक्षी योजना में ठाणे मनपा क्षेत्र का 218 हेक्टेयर और कल्याण-डोंबिवली मनपा क्षेत्र का 260 हेक्टेयर हिस्सा शामिल किया जाएगा, इस क्षेत्र के विकास का नियोजन ठाणे महानगरपालिका के माध्यम से किया जाएगा।
हालांकि, इससे पहले घोषित की गई प्रक्रिया के तहत छह महीनों के भीतर प्रारूप (ड्राफ्ट) योजना तैयार नहीं हो सकी थी, इसलिए अब नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करने का प्रस्ताव प्रशासन द्वारा 20 नवंबर को होने वाली आम सभा के समक्ष मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाना है।
इस परिसर को मेट्रो और जलमार्ग से भी जोड़ा जाएगा। बुलेट ट्रेन स्टेशन परिसर विकास योजना में ठाणे मनपा के म्हातार्डी, दातिवली, बेतवडे एवं आगासन गांव के कुछ हिस्सों का समावेश है तो वहीं कल्याण-डोंबिवली महापालिका क्षेत्र के आयरे, कोपर, भोपर, नांदिवली तर्फ पंचानंद, काटई एवं उसरघर गांवों के हिस्सों को शामिल किया जाएगा।
सरकार के निर्देशानुसार इस संयुक्त विकास प्रारूप को ठाणे पालिका की तरफ से तैयार किया जा रहा है, जिसे केडीएमसी और एमएमआरडीए की भी सहमति मिल चुकी है। मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी के तहत म्हातार्डी हाई-स्पीड स्टेशन को आतरिक सर्कुलर मेट्रो, एमएमआरडीए के मेट्रो रूट 14, और उल्हास नदी पर जलमार्ग (जेटी) से जोड़ने की योजना है, जिससे यात्रियों को बेहतरीन परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
महाराष्ट्र प्रादेशिक नियोजन व नगररचना अधिनियम के प्रावधानों के तहत, कनेक्टिविटी के नए नियोजन को ध्यान में रखते हुए अब नए सिरे से इरादा घोषित करने का प्रस्ताव आम सभा की मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया गया है।